मुरैना में हाईवे पर तड़पता रहा युवक, एंबुलेंस नहीं आई तो घायल को खटिया पर लेटाकर थाने पहुंचे नाबालिग

Morena Highway Accident : मुरैना में बाइक हादसे में घायल युवक हाईवे पर तड़पता रहा। एंबुलेंस नहीं पहुंची तो नाबालिग खटिया पर रखकर करीब एक किलोमीटर दूर थाने ले गए। स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
Morena highway accident injured youth carried on cot
घायल युवक को थाने लेकर आए नाबालिगफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena Ambulance Delay : मुरैना के सरायछौला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद एंबुलेंस की कथित देरी का मामला सामने आया है। दो बाइकों की भिड़ंत में 18 वर्षीय युवक घायल होकर हाईवे पर पड़ा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया, लेकिन काफी देर तक मदद नहीं पहुंची।

इसके बाद कुछ नाबालिगों ने पास के घर से खटिया उठाई और घायल युवक को उस पर लिटाकर करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सरायछौला थाने पहुंचाया। पुलिस ने डायल-112 की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।

दुकान से बाइक लेने निकला था युवक

जानकारी के अनुसार सरायछौला गांव निवासी 18 वर्षीय छोटू पुत्र नूर मोहम्मद खान देवपुरी मंदिर के पास एक दुकान पर काम करता है। रविवार रात दुकान मालिक अपनी बाइक भानपुर गांव स्थित घर पर छोड़ आया था। बाइक वापस लाने के लिए उसने छोटू को भेजा था। छोटू बाइक लेकर अल्लाबेली चौकी के पास पहुंचा ही था, तभी किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरा, पैर में हुआ फ्रैक्चर

हादसे के बाद छोटू सड़क पर गिर गया। उसके पैर में गंभीर चोट आई और बताया जा रहा है कि पैर फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक की मदद करने की कोशिश की। लोगों ने एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया, लेकिन इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल युवक सड़क पर ही तड़पता रहा।

नाबालिगों ने खटिया पर रखकर पहुंचाया थाने

जब काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई तो आसपास मौजूद कुछ नाबालिगों ने पास के एक घर से खटिया उठाई। उन्होंने घायल छोटू को खटिया पर लिटाया और करीब एक किलोमीटर दूर सरायछौला थाने तक पैदल लेकर पहुंचे। घायल को इस तरह थाने पहुंचता देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल मदद की।

थाना प्रभारी ने डायल-112 से अस्पताल पहुंचाया

थाना प्रभारी केके सिंह ने घायल युवक की हालत देखकर डायल-112 वाहन की मदद से उसे मुरैना जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में छोटू का उपचार शुरू किया गया। हादसे में उसे गंभीर चोट आने की बात सामने आई है। वहीं पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Morena highway accident injured youth carried on cot
उज्जैन में 9 दिन बाद खुले शाही मस्जिद के आसपास के प्रमुख रास्ते, बैरिकेडिंग हटते ही सामान्य हुई आवाजाही

एंबुलेंस की देरी को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद लोगों द्वारा कई बार एंबुलेंस को फोन किए जाने के बावजूद मौके पर मदद नहीं पहुंचने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय लोगों को पहले उसे खटिया पर रखकर थाने तक ले जाना पड़ा। मामले में अब यह भी सवाल उठ रहा है कि आपात स्थिति में मुरैना में एंबुलेंस सेवा मौके पर समय से क्यों नहीं पहुंच सकी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com