मुरैना में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग, लोगों ने जलता सिलेंडर सड़क पर फेंका, बड़ा हादसा टला

Morena Fire News : मुरैना के सुभाष नगर-तुस्सीपुरा में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लग गई। लोगों ने जलता सिलेंडर घर से बाहर सड़क पर फेंका, फायर ब्रिगेड ने आग बुझाकर बड़ा हादसा टाला।
Gas cylinder catches fire while cooking in Morena
सिलेंडर में लगी आगफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena Gas Cylinder Fire : मुरैना शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के सुभाष नगर-तुस्सीपुरा में सोमवार दोपहर खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर में आग लगते ही घर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर परिवार के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, सुभाष नगर-तुस्सीपुरा में एक परिवार के यहां श्राद्धपक्ष का आयोजन था। आयोजन के लिए घर में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर की पाइप लीक होने के कारण अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में सिलेंडर से तेज लपटें निकलने लगीं। आग बढ़ती देख घर में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और लोग सुरक्षित बाहर निकलने लगे।

जलते सिलेंडर को घर से बाहर सड़क पर फेंका

आग तेजी से बढ़ती देख मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने जलते हुए गैस सिलेंडर को घर से बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया। सिलेंडर बाहर आने के बाद भी उसमें आग की तेज लपटें उठती रहीं। जलते सिलेंडर को सड़क पर देखकर आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। लोगों को आशंका थी कि ज्यादा गर्म होने पर सिलेंडर फट सकता है और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी सूचना

घटना की सूचना तत्काल मुरैना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलते सिलेंडर पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद सिलेंडर में लगी आग को बुझा दिया गया। इस दौरान पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के लिए कहा।

Gas cylinder catches fire while cooking in Morena
सागर गर्ल्स कॉलेज में BA रिजल्ट पर बवाल: 1316 में 999 छात्राओं को सप्लीमेंट्री, 158 फेल, धरने पर बैठीं

समय रहते बुझी आग, टला बड़ा हादसा

फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते आग बुझा दी गई। इससे सिलेंडर के फटने और आग के आसपास के मकानों तक पहुंचने का खतरा टल गया। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। मुरैना में आग की इस घटना को लेकर शुरुआती जानकारी में गैस पाइप लीक होने को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com