

Highlights :
मुरैना में खाद्य पदार्थों में मिलावट के तीन मामले सामने आए।
लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी नाध्या डेयरी का संचालन जारी था।
डेयरी से 70 किलो पनीर और रिफाइंड पामोलिन तेल जब्त।
11 हजार लीटर घी में लेड की मात्रा निर्धारित सीमा से 10 गुना अधिक मिली।
Morena Lead Found in Ghee : मुरैना जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में एक ओर लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद संचालित हो रही डेयरी से करीब 70 किलो पनीर और रिफाइंड पामोलिन तेल जब्त किया गया है वहीं दूसरी ओर 11 हजार लीटर घी की जांच में लेड की मात्रा निर्धारित मानक से 10 गुना अधिक मिली है।
इसके अलावा 1740 किलो मिल्क केक की जांच रिपोर्ट में भी मिलावट की पुष्टि हुई है। इन मामलों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
जौरा कस्बे की पगार रोड स्थित नाध्या डेयरी पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश निम और अवनीश गुप्ता ने छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान डेयरी में करीब 70 किलो पनीर और एक टिन में रिफाइंड पामोलिन तेल रखा मिला। अधिकारियों ने डेयरी संचालक अनुराग जादौन से पनीर, मिलावटी दूध और पामोलिन तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। मौके से पनीर और तेल जब्त कर लिया गया।
बताया गया कि दीपावली से पहले इसी डेयरी पर मिलावटी पनीर और मावा बनाने के आरोप सामने आए थे जिसके बाद विभाग ने इसका रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया था। इसके बावजूद डेयरी का संचालन जारी था। अब बिना लाइसेंस कारोबार करने के मामले में संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट का दूसरा मामला यशोदा डेयरी से जुड़े11 हजार लीटर घी का है जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। 15 और 16 नवंबर की रात स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घी से भरा टैंकर पकड़ा था। ये टैंकर मुरैना के श्रीमती क्षेत्र स्थित यशोदा डेयरी से धौलपुर की प्रकाश डेयरी भेजा गया था। बताया गया कि प्रकाश डेयरी ने जांच के दौरान घी को मिलावटी बताते हुए खरीदने से इनकार कर दिया था जिसके बाद टैंकर वापस लौट रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी के नमूने भोपाल जिला लैब भेजे थे। रिपोर्ट के मुताबिक घी में लेड यानी शीशे की मात्रा 0.22 पाई गई जबकि निर्धारित सीमा 0.02 बताई गई है। इस आधार पर घी को स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित बताया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता के मुताबिक जांच रिपोर्ट के आधार पर यशोदा डेयरी का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। डेयरी संचालक को नोटिस जारी कर अपने स्तर पर घी की दोबारा जांच कराने के निर्देश भी दिए जाएंगे। फिलहाल 11 हजार लीटर घी से भरा टैंकर स्टेशन रोड थाने में जब्त है।
मुरैना जिले में मिलावट का तीसरा मामला मिल्क केक से जुड़ा है। 31 अक्टूबर को डिप्टी कलेक्टर उमेश अवस्थी ने खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस टीम के साथ अंबाह बाईपास स्थित इमलिया रोड पर श्रीहरि घनश्याम मैरिज गार्डन में छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान 58 पेटियों में रखा करीब 1740 किलो मिल्क केक और चार डलियों में रखा 120 किलो मावा बरामद किया गया था।
प्राथमिक जांच में मिल्क केक में मैदा और अरारोट जैसी मिलावट की आशंका सामने आई थी। इसके बाद मिल्क केक और मावे को जब्त कर कोल्ड स्टोरेज में रखवाया गया और नमूने जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए।
मंगलवार शाम आई जांच रिपोर्ट में 1740 किलो मिल्क केक अमानक पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें रिफाइंड तेल, न्यूट्रलाइजर और अरारोट जैसे पदार्थों की मौजूदगी मिली है। बताया गया कि मुरैना में तैयार यह मिल्क केक करीब 1900 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ के बिलासपुर भेजा जा रहा था। हालांकि, लोडिंग के दौरान ही प्रशासन ने खेप पकड़ ली थी। खाद्य सुरक्षा विभाग अब संबंधित डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई करेगा।