

Morena Farmers Protest Over Fertilizer Shortage: मुरैना जिले में खाद का संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। खाद और टोकन के लिए किसान आधी रात से ही लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। सोमवार को घंटों इंतजार के बाद भी जब किसानों को टोकन नहीं मिले तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।
सैकड़ों किसानों ने कृषि मंडी का मुख्य गेट बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर और एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देकर खाद के टोकन का वितरण शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त और रविवार को कृषि मंडी सहित विपणन संघ के गोदाम बंद रहे। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को खाद वितरण शुरू होना था। इसी उम्मीद में किसान रात करीब तीन से चार बजे से ही कृषि मंडी स्थित विपणन संघ के गोदाम के बाहर पहुंचने लगे और लंबी कतार में लग गए। सुबह करीब 10 बजे तक किसान लाइन में खड़े रहे, लेकिन जब गोदाम पर टोकन बांटने के लिए कर्मचारी नहीं पहुंचे तो किसानों का धैर्य जवाब दे गया।
देखते ही देखते सैकड़ों किसान एकजुट होकर मंडी के मुख्य गेट पर पहुंच गए। किसानों ने मंडी का गेट बंद कर जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे की सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर अश्विनी रावत और एसडीएम रामनिवास सिकरवार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगवाया। इसके बाद खाद के लिए टोकन वितरण शुरू कराया गया।
अपर कलेक्टर अश्विनी रावत ने कहा कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। दो दिन तक खाद वितरण बंद रहने के बाद सोमवार को वितरण शुरू हुआ, जिसके चलते मंडी में किसानों की भीड़ बढ़ गई। प्रशासन की ओर से किसानों को टोकन और खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।