मुरैना: सौ रुपए में बिक रहा खाद का टोकन, सो रहा प्रशासन! कृषि उपज मंडी में खाद वितरण की कालाबाजारी उजागर

Morena Fertilizer Black Marketing: मुरैना मंडी में खाद वितरण को लेकर भारी हंगामा, कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर की अगुआई में 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने विपणन संघ गोदाम के बाहर दिया धरना।
Morena mandi fertilizer distribution black marketing exposed
मुरैना मंडी में 100 रुपए में बेचा जा रहा खाद का टोकन(सोर्स- एआई जनरेटेड इमेज)
Updated on

Fertilizer Token Sold In 100 Rupees: मुरैना कृषि उपज मंडी में खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लेने मंगलवार सुबह पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने खाद के टोकन की कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि एक युवक किसानों को 100-100 रुपए में खाद के टोकन बेच रहा था।

इस दौरान बिना नंबर की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाद के सैकड़ों बोरे ले जाते हुए भी पकड़े गए। मामले को लेकर विधायक दिनेश गुर्जर की अगुआई में एक सैकड़ा से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विपणन संघ के गोदाम के बाहर धरना देकर नारेबाजी शुरू कर दी।

100 रुपए में बेचे जा रहे थे खाद के टोकन

जानकारी के अनुसार मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने सोमवार शाम पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं से मंगलवार को मंडी पहुंचकर खाद वितरण और किसानों की समस्याओं का जायजा लेने के लिए कहा था। इसी के तहत मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता मंडी में जुटे थे। इसी दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि एक युवक 100-100 रुपए में खाद के टोकन बेच रहा है। विनोद शर्मा ने उक्त युवक से दो टोकन छीन लिए, लेकिन आरोपित युवक मौके से भाग गया। इसके कुछ देर बाद कांग्रेस नेताओं को खाद के बोरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जाती दिखाई दी। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

विपणन संघ के गोदाम के बाहर कांग्रेस नेताओं ने किया प्रदर्शन

विधायक दिनेश गुर्जर ने ड्राइवर से पूछताछ की तो उसने बताया कि खाद रामपुर गंज स्थित वितरण केंद्र पर ले जाई जा रही है। विधायक ने ट्रैक्टर पर नंबर नहीं होने और खाद परिवहन से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर सवाल उठाए। इसके बाद कांग्रेस नेता ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर विपणन संघ के गोदाम के बाहर पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों के ट्रैक्टरों को यातायात पुलिस पकड़कर कार्रवाई कर रही है और जुर्माना वसूल रही है, जबकि बिना नंबर के ट्रैक्टर में खाद ले जाने का मामला सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

Morena mandi fertilizer distribution black marketing exposed
बाघ देकर लाएंगे हाथी और गैंडे! राज्य वन्यप्राणी बोर्ड की बैठक में CM मोहन यादव के बड़े निर्देश

विधायक दिनेश गुर्जर ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग

करीब दो घंटे तक चले धरने और नारेबाजी के बाद अपर कलेक्टर अश्विनी रावत मंडी पहुंचे। विधायक दिनेश गुर्जर ने खाद के टोकन और खाद की कथित कालाबाजारी की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही किसानों के लिए मंडी में छांव और पेयजल की व्यवस्था करने तथा खाद वितरण के लिए एक अतिरिक्त काउंटर बढ़ाने की मांग रखी।

अपर कलेक्टर ने कांग्रेस नेताओं को दिया आश्वासन

अपर कलेक्टर ने कांग्रेस नेताओं को आश्वासन दिया कि बुधवार से किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र जाटव, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष जितेंद्र डंगस, महासचिव कुलदीप यादव, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रमराज मुदगल, आसिफ कुरैशी, रिंकू पचौरी, पार्षद सोनू जोनवर, रमेश अर्गल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com