कार को आग लगाने की थी तैयारी! मुरैना में ईद के जुलूस के बाद उपद्रव, 2 आरोपी गिरफ्तार

Morena Eid Procession Violence Case: मुरैना में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल, भाजपा नेता की कार टकराने पर भीड़ ने की तोड़फोड़ और लूट। दो गिरफ्तार कई आरोपियों पर एफआईआर दर्ज।
two accused arrested for alleged unrest after Eid procession in Morena
मुरैना में सड़क हादसे के बाद भारी बवाल(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Two Accused Arrested In Morena: मुरैना में एक सड़क हादसे के बाद शुरू हुआ विवाद अब बड़ा कानून-व्यवस्था का मुद्दा बन गया है। बुधवार को ईद मिलादुन्नवी के जुलूस के बाद दर्जनों युवक बाइकों से रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान भाजपा नेता मुकेश परमार की कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद रैली में शामिल युवकों ने कार को घेर लिया और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान कार में मौजूद लोगों से मोबाइल और अन्य सामान भी छीन लिया गया।

कार में की गई जमकर तोड़फोड़

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद भीड़ कार को बैरियर के पास ले गई, जहां पत्थरों से हमला कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके बाद कार को कब्रिस्तान के पास ले जाकर सरिया और पत्थरों से बुरी तरह तोड़ा गया। आरोप है कि कुछ लोग कार को आग लगाने की तैयारी भी कर रहे थे, लेकिन समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई और वाहन को जलने से बचा लिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष लगातार आरोपितों पर लूट और डकैती की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग कर रहा था। हालांकि करीब 20 घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।

एफआईआर की मांग को लेकर प्रदर्शन

गुरुवार सुबह क्षत्रिय महासभा, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और शिवसेना सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता बैरियर रेस्ट हाउस पर एकत्रित हुए। हाथों में भगवा झंडे लेकर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। बढ़ते दबाव और प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। मामला गंभीर होता देख पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भाजपा नेता मुकेश परमार की शिकायत पर सोहेल खान, आदिल खान, फैजाल खान और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट और डकैती की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

two accused arrested for alleged unrest after Eid procession in Morena
आरक्षण और UGC के खिलाफ मुरैना में भड़का आक्रोश, सवर्ण समाज ने सड़क पर निकाली सांकेतिक अर्थी

दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज

मुरैना पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर हादसे में घायल हुए इस्लामपुरा निवासी कामिल कुरैशी के पिता अबरार कुरैशी की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। कामिल को हादसे में गंभीर चोटें आईं और उसके पांच फ्रैक्चर बताए गए हैं। इस तरह सड़क हादसे से शुरू हुआ विवाद अब दो अलग-अलग मुकदमों में बदल गया है। एक ओर कार सवारों के साथ मारपीट, लूट और तोड़फोड़ का मामला दर्ज हुआ है, तो दूसरी ओर दुर्घटना में घायल युवक की शिकायत पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com