मुरैना: घर में घुसकर महिला को मारी गोली, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर, बाइक सवार युवक ने की वारदात

Woman Shot in Ambah Morena : अंबाह कस्बे में घर में घुसकर एक महिला को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया। बाइक सवार युवक ने दिया वारदात को अंजाम, CCTV फुटेज में दिखा संदिग्ध।
Woman Shot in Ambah Morena
अंबाह में घर में घुसकर महिला का मारी गोलीफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • मुरैना के अंबाह में घर में घुसकर 26 वर्षीय रचना तोमर को मारी गोली।

  • खजूरी रोड की गली नंबर-5 में हुई वारदात, महिला की हालत गंभीर।

  • CCTV फुटेज में गोली मारने के संदेह में एक युवक दिखाई दिया।

  • पुलिस ने बड़फरा गांव में संदिग्ध के घर पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला।

Morena Crime News : मुरैना जिले के अंबाह कस्बे में घर में घुसकर एक महिला को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खजूरी रोड स्थित गली नंबर-5 में रहने वाली 26 वर्षीय रचना तोमर को एक बाइक सवार युवक ने गोली मार दी।

गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में मचा हड़कंप। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है।

घर में बच्चों के साथ मौजूद थी महिला

जानकारी के मुताबिक वारदात के समय रचना तोमर अपने घर में छोटी बेटी दीपाली और बेटे के साथ मौजूद थीं। घर में परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं था। इसी दौरान एक युवक घर पहुंचा और महिला को गोली मारकर मौके से चला गया। अचानक हुई इस घटना से बच्चे सहम गए। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सिर से बह रहा था खून, हालत गंभीर

मुरैना जिले के अंबाह सिविल अस्पताल में महिला का प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार करने वाली डॉक्टर श्रुति जैन के मुताबिक, महिला का ब्लड प्रेशर 131/82 था, लेकिन उसके सिर से काफी खून बह रहा था। उसकी आंखें बंद थीं और बाईं आंख में अधिक सूजन थी। चेहरे और सिर पर भी खून लगा हुआ था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया, जहां उसका आगे उपचार किया जाना है।

CCTV फुटेज में दिखाई दिया संदिग्ध युवक

घटना की सूचना मिलते ही अंबाह पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें वारदात को अंजाम देने के संदेह में एक युवक दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने बड़फरा गांव स्थित उसके घर पर दबिश दी, लेकिन संदिग्ध युवक वहां नहीं मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसके फरार होने की जानकारी सामने आई है।

घर पर मिला मोबाइल, पुलिस ने किया जब्त

संदिग्ध युवक की तलाश में उसके घर पहुंची पुलिस को वहां उसका मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने मोबाइल को अपने कब्जे में लेकर जांच में शामिल कर लिया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है, ताकि उससे पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।

Woman Shot in Ambah Morena
ग्वालियर में सनसनीखेज वारदात: खेत में कुल्हाड़ी से हमला कर किसान की निर्मम हत्या, गांव में तनाव

प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी जांच

रचना तोमर को गोली मारने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक चर्चाओं में घटना को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। महिला के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही वारदात की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस फरार संदिग्ध की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com