साहब! हमारे बैंक खातों से निकाल लिए लाखों रुपए, मुरैना में 18 से ज्यादा ग्रामीणों ने कलेक्टर-एसपी से की शिकायत

Morena Collector Complaint : मुरैना के उत्तमपुरा गोटे नगर में 18 से ज्यादा ग्रामीणों ने बैंक खातों से लाखों रुपए निकाले जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर-एसपी से शिकायत कर जांच की मांग की।
Villagers complain to Collector and SP over money withdrawn from bank accounts
मुरैना में 18 से ज्यादा ग्रामीणों से बैंक फ्रॉडफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena Bank Account Fraud : मुरैना के उत्तमपुरा गोटे नगर बस्ती में बैंक खातों के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। बस्ती के 18 से ज्यादा लोगों ने मंगलवार को कलेक्टर और एसपी की जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत की।

ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी बस्ती में रहने वाले शेरू उर्फ मनोज पुत्र मुन्नालाल टैगोर ने सरपंच की ओर से बैंक खाते में तीन हजार रुपए आने का लालच देकर उनके खाते खुलवाए। इसके बाद खातों में जमा रकम निकाल ली गई। ग्रामीणों ने अपने बैंक दस्तावेज और एटीएम कार्ड भी अपने पास रखे जाने का आरोप लगाया है।

तीन हजार रुपए मिलने की बात कहकर खुलवाए खाते

मुरैना कलेक्ट्रेट पहुंचे उत्तमपुरा निवासी रेखा जाटव ने शिकायत में बताया कि शेरू टैगोर उनके घर आया था। उसने कहा था कि सरपंच की ओर से बैंक खाते में तीन हजार रुपए दिए जाएंगे। रेखा के मुताबिक, खाता खुलवाने के बाद उन्हें न पासबुक दी गई और न ही एटीएम कार्ड। बाद में बैंक में खाता चेक कराने पर पता चला कि उसमें से करीब 1.28 लाख रुपए निकाले जा चुके हैं।

खाते में 1.67 लाख रुपए आए, फिर निकाले गए

सरोज नाम की महिला ने बताया कि करीब एक साल पहले शेरू टैगोर ने उसका बैंक खाता खुलवाया था। करीब एक महीने पहले वह दोबारा आया और खाता बंद कराने की बात कही। उसने बैंक बंद होने और खातों में फर्जीवाड़ा होने की बात भी कही। सरोज के अनुसार, उसके खाते में करीब 1.67 लाख रुपए आए थे, जिन्हें शेरू टैगोर द्वारा निकाल लिया गया।

ATM और बैंक दस्तावेज अपने पास रखने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि उनके बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और एटीएम कार्ड शेरू और उसके साथियों ने अपने पास रख लिए थे। इसके बाद खातों में आने वाली रकम निकाल ली गई। मीरा चौरिया, रामखिलाड़ी, सरोज कुमारी, चंचल, नीकेश, सोनम, उर्मिला, रेखा, लता, हितेश रामपुरे और मनु समेत करीब 18 लोगों ने शिकायत कर मामले की जांच की मांग की है।

नाबालिग बच्चों के नाम पर भी खाते खुलवाने का आरोप

ग्रामीणों ने नाबालिग बच्चों के नाम पर भी बैंक खाते खुलवाए जाने का आरोप लगाया है। गोटेनगर-उत्तमपुरा निवासी विमला राजौरिया, सुल्तान सिंह और नीतेश सिंह ने बताया कि मामले से जुड़ा एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाए जाने की बात भी सामने आई है।

खातों में हो रहे लेनदेन की जांच की मांग

नीतेश सिंह और सुल्तान सिंह के अनुसार, प्रदीप पुत्र दशरथ यादव से जुड़ी फिनो बैंक आईडी के जरिए खाते खुलवाए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने सूरज सिकरवार निवासी छुलावद को भी इस प्रक्रिया में सहयोगी बताए जाने की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि इन खातों में हजारों रुपए का लेनदेन हो रहा है, लेकिन उन्हें रकम के स्रोत की जानकारी नहीं है। उन्होंने प्रशासन से खातों में हुए पूरे लेनदेन की जांच कर रकम के स्रोत और निकासी करने वालों का पता लगाने की मांग की है।

Villagers complain to Collector and SP over money withdrawn from bank accounts
मुरैना में पुलिस का घर भी सुरक्षित नहीं, SAF क्वार्टर में चोरी, आरक्षक के मकान से लाखों के गहने और नकदी साफ

जांच के बाद स्पष्ट होगी जिम्मेदारी

शिकायत के बाद अब प्रशासन और मुरैना पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि बैंक खातों के जरिए हुए कथित फर्जीवाड़े में किन लोगों की भूमिका है और खातों में आई रकम का वास्तविक स्रोत क्या है। ग्रामीणों ने खातों से निकाली गई रकम की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com