मुरैना में अकाउंटेंट के घर 30 लाख की चोरी का खुलासा; 10 लाख के गहने और नकदी के साथ दो सगे भाई पकड़े

Morena Accountant House Theft Case: 100 कैमरे खंगालने के बाद बदमाशों तक पहुंची पुलिस, राजस्थान के मनिया के रहने वाले हैं दोनों आरोपी,10 लाख के गहने और नकदी बरामद।
₹30 lakh theft from accountant house in Morena
मुरैना पुलिस ने दो चोरी के दो आरोपियों को गिया गिरफ्तार(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Two Brothers Arrested In Theft Case Morena: मुरैना के बीचोंबीच शराब फैक्ट्री के अकाउंटेंट के घर हुई करीब 30 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदात को राजस्थान के मनिया क्षेत्र के तीन बदमाशों ने अंजाम दिया था। इनमें दो आरोपी सगे भाई हैं, जिन्हें कोतवाली पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी बरामद की है। वहीं, तीसरा आरोपी राजा खान अभी फरार है। तीनों आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

जानकारी के अनुसार अंबाह निवासी राहुल गुप्ता रायरू बीयर फैक्ट्री में अकाउंटेंट हैं और मुरैना के नैनागढ़ रोड, काली माता मंदिर के पास किराए के मकान में रहते हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के मौके पर राहुल अपनी पत्नी पिंकी के साथ पोरसा स्थित ससुराल गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया।

चोरों ने महज 18 मिनट में दिया वारदात को अंजाम

चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे से लेकर तीन कमरों के ताले महज 18 मिनट में काट दिए और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक वारदात को धौलपुर जिले के मनिया थाना क्षेत्र के विरपुर गांव निवासी वीडियो उर्फ अरमान, उसके बड़े भाई नस्सो उर्फ नसरुद्दीन उर्फ बबलू उर्फ मैटेला और उनके साथी राजा खान ने अंजाम दिया था।

20 दिन तक खंगाले गए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरें

मामले का खुलासा करते हुए एसपी धर्मराज मीना ने बताया कि पुलिस टीमों ने करीब 20 दिन तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने मुरैना जिले और ग्वालियर के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड तक टीमें भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों का चेहरा साफ दिखाई दिए

इसी दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्धों के चेहरे साफ दिखाई दिए। इनमें से एक का हुलिया राहुल गुप्ता के घर में चोरी करते नजर आए चोर से मेल खा गया। जांच में संदिग्ध की पहचान मनिया के विरपुर गांव के रहने वाले आरोपी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने विरपुर से नस्सो उर्फ नसरुद्दीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने भाई वीडियो उर्फ अरमान और साथी राजा खान के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों पर मुरैना जिले में पहले से भी चोरी के मामले दर्ज हैं।

चोरी के माल को लेकर पुलिस के सामने नई चुनौती

हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने अब चोरी गए पूरे माल की बरामदगी चुनौती बन गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों भाइयों ने दावा किया कि एफआईआर में जितने गहने चोरी होना बताया गया है, उतने गहने उन्होंने चोरी नहीं किए थे।

पुलिस ने आरोपियों के सामने पीड़ित परिवार को बैठाया

पुलिस ने आरोपियों के सामने पीड़ित परिवार को बैठाकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने घर के अलग-अलग हिस्सों से चोरी किए गए सामान के बारे में जानकारी दी। पुलिस अभी आरोपियों के इस दावे पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रही है। पुलिस का मानना है कि तीसरा आरोपी राजा खान गिरफ्तार होने के बाद चोरी के माल को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है।

₹30 lakh theft from accountant house in Morena
कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी पर कांग्रेस का हमला; रीना सेतिया बोलीं- महिलाओं के पहनावे पर बोलने वाले आप कौन

पीड़ित ने बताया घर से क्या-क्या गायब हुआ

पीड़ित राहुल गुप्ता के मुताबिक, घर से करीब दो लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने के दो कॉलर हार, दो चेन, दो पुरुषों की अंगूठियां, दो महिलाओं की अंगूठियां, सुई-धागा, टॉप्स, नथ, टीका, चार चूड़ियां और चांदी के गहने चोरी हुए थे। वहीं पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों से सोने की दो चूड़ियां, टॉप्स, झुमकी सेट, एक पुरुष और एक महिला की अंगूठी, झुमकियों की लटकन, चांदी की 22 बिछिया, पांच चांदी के सिक्के और 10 हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com