मुरैना: सगाई से नाराज 17 वर्षीय किशोरी ने पुल से कूदकर क्वारी नदी में लगाई छलांग; दूसरे दिन मिला किशोरी का शव
Morena Girl Dead Body Found: मुरैना में शादी तय होने से नाराज 17 वर्षीय किशोरी ने क्वारी नदी में लगाई छलांग, SDRF की टीम ने शुक्रवार सुबह बरामद किया शव।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: सजल रघुवंशी
मुरैना में 17 वर्षीय लड़की ने की आत्महत्या (सोर्स- सोशल मीडिया)
Morena Girl Suicide Case: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पोरसा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर अपनी शादी तय होने से नाराज होकर क्वारी नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन गुरुवार रात सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में किशोरी का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ई-रिक्शा से पुल पहुंची और नदी में लगा दी छलांग
पुलिस के अनुसार घटना पोरसा थाना क्षेत्र के बुधारा गांव स्थित क्वारी नदी पुल की है। गणपतपुरा निवासी माखन सखवार की 17 वर्षीय बेटी पिंकी गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे ई-रिक्शा से बुधारा पुल पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पुल पर पहुंचने के बाद उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना को देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन नदी के गहरे गड्ढों और तेज बहाव के कारण किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
सम्बंधित ख़बरें
जबलपुर: बैंक डकैती का आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 11 महीनों से चल रहा था फरार; 4 राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश
दतिया उपचुनाव की तस्वीर साफ, मैदान में डटे 22 प्रत्याशी; हर मतदान केंद्र पर लगेंगी दो बैलेट यूनिट
दतिया उपचुनाव: किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर संजना सिंह ने चुनावी अखाड़े में ठोकी ताल, किया नामांकन दाखिल
ग्वालियर में महिला को किया हिपनोटाइज, फिर दिया लूट को अंजाम; ठगे पौने तोला सोने के जेवर
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, सुबह मिला शव
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मोटरबोट की सहायता से देर शाम तक नदी में सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ ने किशोरी का शव नदी से बरामद कर लिया। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव पर जलीय जीवों के निशान पाए गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजा गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
शादी तय होने की बात से थी नाराज
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी की मां ने उसका रिश्ता तय कर दिया था, जिससे वह सहमत नहीं थी। माना जा रहा है कि इसी बात से आहत होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी। फिलहाल परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जबलपुर: बैंक डकैती का आरोपी बिहार से गिरफ्तार, 11 महीनों से चल रहा था फरार; 4 राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
पोरसा थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे केवल शादी का मुद्दा था या कोई अन्य कारण भी सामने आता है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संवेदनशील पारिवारिक विषय पर संवाद बनाए रखें और मानसिक तनाव की स्थिति में समय रहते सहायता लेने का प्रयास करें।
