

Highlights:
मुरैना में 11 हजार लीटर घी से भरा टैंकर पुलिस ने पकड़ा।
राजस्थान की डेयरी ने मिलावट के शक में घी खरीदने से किया था इनकार।
टैंकर में रखे घी की कीमत करीब 75 लाख रुपए।
यशोदा डेयरी के घी के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए।
11000 Litre Ghee Tanker Seized in Morena : मुरैना में मिलावट की आशंका के चलते 11 हजार लीटर घी से भरा एक टैंकर पुलिस ने पकड़ लिया। हैरानी की बात यह है कि राजस्थान की एक डेयरी ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इस घी को खरीदने से इनकार कर दिया था। इसके बाद टैंकर वापस मुरैना लौट आया। पुलिस ने रात की गश्त के दौरान इसे रोका।
सोमवार देर शाम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। टैंकर में भरे घी की कीमत करीब 75 लाख रुपए बताई जा रही है।
मामला मुरैना के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र का है। थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला के मुताबिक, रविवार रात करीब 12 बजे पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर के टैंकर को रोककर तलाशी ली गई। जांच में टैंकर के अंदर करीब 11 हजार लीटर घी भरा मिला। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस टैंकर को थाने ले आई।
मुरैना पुलिस की पूछताछ में टैंकर चालक ने बताया कि घी राजस्थान में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। वहां की एक डेयरी ने घी की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई और उसमें मिलावट की आशंका बताकर खरीदने से मना कर दिया। इसके बाद घी से भरे टैंकर को वापस मुरैना भेज दिया गया। इसी जानकारी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
सोमवार देर शाम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम स्टेशन रोड थाने पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता और दिनेश निम ने टैंकर में रखे घी के सैंपल लिए। अधिकारियों के अनुसार, यह घी मुरैना के सिरमती गांव स्थित यशोदा डेयरी का बताया जा रहा है। यह डेयरी नावली बड़ा गांव के पास स्थित है और इसका संचालन अशोक शुक्ला करते हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी के नमूने जांच के लिए भोपाल लैब भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि घी खाने योग्य है या इसमें किसी तरह की मिलावट की गई है। फिलहाल घी की गुणवत्ता को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
इस मामले में यशोदा डेयरी का नाम सामने आने के बाद इसके पुराने रिकॉर्ड की भी चर्चा हो रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 साल पहले डेयरी संचालक का नाम मिलावट के एक मामले में सामने आया था। उस समय प्रशासन की टीम ने उनकी पुरानी डेयरी पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान सिंथेटिक दूध बनाने और दूध से जुड़े पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल बरामद किए गए थे। इस मामले में डेयरी संचालक के खिलाफ आपराधिक केस भी दर्ज किया गया था।