मंदसौर में गुरुग्राम पुलिस को चकमा देकर भागे आरोपी बाप-बेटे, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
Mandsaur News: मंदसौर के गरोठ में गुरुग्राम पुलिस की हिरासत से पिता-पुत्र आरोपी पेट्रोल पंप से पुलिस की कार लेकर फरार हो गए। बारामासी फंटे पर कार छोड़कर दोनों पैदल भाग निकले, जिनकी तलाश की जा रही है।
- Reported By: देवेन्द्र मोर्य | Edited By: प्रीतेश जैन
पुलिस की कार लेकर भागे आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Mandsaur Gurgaon Police Accused Escape : मंदसौर जिले में गुरुग्राम पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम पुलिसकर्मी धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किए गए पिता-पुत्र को सागर से कार के जरिए गुरुग्राम ले जा रहे थे। इसी दौरान गरोठ थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन रुकते ही दोनों आरोपियों ने पुलिस को चकमा दिया और पुलिस की कार लेकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम पुलिस धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों, जो रिश्ते में पिता और पुत्र हैं, को सागर से लेकर गुरुग्राम जा रही थी। रास्ते में गरोठ-उज्जैन फोरलेन पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाने के लिए पुलिस टीम रुकी। इसी दौरान पेट्रोल पंप पर मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर एक आरोपी ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और पुलिस की कार लेकर मौके से फरार हो गया। दूसरे आरोपी ने भी उसके साथ भागने में सफलता हासिल कर ली।
कार छोड़कर फरार हुए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस ने तत्काल गरोठ थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। पुलिस के दबाव के चलते आरोपी खड़ावदा क्षेत्र के बारामासी फंटे के पास कार छोड़कर पैदल फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
छात्र से मंत्री तक का सफर याद आया, पुराने कॉलेज पहुंच भावुक हुए मंत्री तुलसीराम सिलावट
रीवा में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की कोशिश का VIDEO आया सामने
डिंडौरी में लापरवाही पर प्रशासन सख्त: चार सीएचओ का सात दिन का वेतन रोका, तीन स्वास्थ्यकर्मियों को नोटिस जारी
इंदौर में बारिश बनी आफत: सड़कें बनीं तालाब, जल निकासी की व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
लावारिस हालत में मिला पुलिस वाहन
गरोठ थाना प्रभारी बलबीर यादव ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस सागर से दोनों आरोपियों को लेकर जा रही थी। पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के दौरान आरोपियों ने मौके का फायदा उठाया और वाहन लेकर फरार हो गए। बाद में वाहन बारामासी फंटे के पास लावारिस हालत में मिला, जबकि दोनों आरोपी मौके से पैदल भाग निकले। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और पेट्रोल पंप सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें : रीवा में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की कोशिश का VIDEO आया सामने
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब गंभीर मामलों के आरोपियों को एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाया जा रहा था, तब पुलिस को अधिक सतर्क रहना चाहिए था। पुलिस की इसी लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहे।
