मैहर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, भाजपा के मंच पर ही आपस में भिड़े दो बड़े नेता; थाने तक पहुंचा मामला- देखें VIDEO

BJP Leader Clash Viral Video: एमपी के मैहर में भाजपा जनचौपाल के दौरान मंच पर भिड़े दो नेता, मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी और विजय पटेल में धक्का-मुक्की, ताला थाने पहुंचा मामला।
BJP leaders engage in scuffle during public event in Maihar
मैहर हाई-वोल्टेज ड्रामा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BJP Leader Clash In Maihar:मध्य प्रदेश के मैहर जिले के ताला मंडल में आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पार्टी के दो नेताओं के बीच मंच पर ही धक्का-मुक्की और हाथापाई होती दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि यह घटना 12 जून को आयोजित भाजपा के 12 साल बेमिसाल जनचौपाल" कार्यक्रम के दौरान हुई थी। हालांकि घटना को करीब एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।

12 साल बेमिसाल कार्यक्रम में बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार ताला स्थित एक निजी होटल में भाजपा द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनचौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन को लेकर भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी और पूर्व राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल के भाई विजय पटेल के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली बहस के रूप में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गया और दोनों नेताओं के बीच मंच पर ही धक्का-मुक्की होने लगी।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बिगड़े हालात

घटना के समय मंच पर सतना सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री रामखेलावन पटेल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद थे। बावजूद इसके दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। वायरल वीडियो में भी दोनों नेताओं को आपस में उलझते हुए देखा जा सकता है। मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कराया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई और कार्यक्रम आगे बढ़ सका।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के कई दिन बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। वीडियो को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। विपक्षी दल भी इस घटना को लेकर भाजपा की अंदरूनी गुटबाजी पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर भी यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।

थाने तक पहुंचा मामला, कार्रवाई की मांग

विवाद के बाद उसी रात भाजपा मंडल महामंत्री मनीष चतुर्वेदी अपने समर्थकों के साथ ताला थाने पहुंचे थे। उन्होंने विजय पटेल पर मंच पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई तथा कानूनी कार्रवाई की मांग की।

दूसरी ओर विजय पटेल ने वीडियो जारी कर दावा किया कि मंच पर केवल हल्की धक्का-मुक्की हुई थी और किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई। फिलहाल मामला राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com