MP में दिवाली की रात 2 परिवारों के लिए काल बनी आग, कटनी और सिवनी में 12 लोगों की मौत, मासूमों की भी गई जान

Seoni Katni Fire News : मध्य प्रदेश में दिवाली की रात कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में आग की दो घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई। हादसे के मृतकों में दो महीने का मासूम भी शामिल है।
MP Diwali Fire Accident
कटनी में 3 मंजिला बिल्डिंग में लगी आगफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मध्य प्रदेश में दिवाली की रात आग की दो बड़ी घटनाएं।

  • कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में 12 लोगों की मौत।

  • दोनों हादसों में एक ही परिवार के 6-6 सदस्यों ने गंवाई जान।

  • मृतकों में बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दो महीने का मासूम शामिल।

Madhya Pradesh Diwali Night Fire Incidents : मध्य प्रदेश में दीपावली की रात दो परिवारों के लिए जिंदगी की सबसे दर्दनाक रात बन गई। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 12 लोगों की मौत हो गई।

दोनों हादसों में एक ही परिवार के कई सदस्यों ने जान गंवाई। मृतकों में बुजुर्गों के साथ महिलाएं, बच्चे और महज दो महीने का मासूम भी शामिल है। त्योहार की खुशियां इन परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

कटनी के मकान में आग लगने से 6 की मौत

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और दो महीने के मासूम की मौत हो गई। रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

दमकल की खराब पाइप से राहत कार्य में आई बाधा

बरही में आग लगने के बाद नगर परिषद का दमकल वाहन करीब एक बजे पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। इसके बाद विजयराघवगढ़ से पहुंचे दमकल वाहन की पाइप में भी खराबी बताई गई। बाद में कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए। रातभर चले राहत कार्य के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया। सुबह 6:30 बजे जेसीबी से दीवार तोड़कर परिवार के बाकी पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों के देर से पहुंचने पर भी सवाल उठाए।

सिवनी के छपारा में भी आग ने उजाड़ा परिवार

दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा की है। यहां जैन मोहल्ला, महावीर वार्ड में आभूषण कारोबारी कुंदन सोनी के घर में रात करीब 3 बजे आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई। मृतकों में 75 वर्षीय कुंदनलाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी (65), रितु (42), स्मृति (40), सूर्य सोनी (45) और आदित्य (16) शामिल हैं। हादसे में चार लोगों को सुरक्षित बचाया गया, जिनमें सात साल की अमायरा भी शामिल है।

MP Diwali Fire Accident
उज्जैन में दिवाली की रात 2 जगह भीषण आग: जलने से 107 साल के बुजुर्ग की मौत, घर और दुकान जलकर खाक

दो हादसों ने दीपावली की खुशियों को मातम में बदला

कटनी और सिवनी में हुई इन दोनों घटनाओं ने प्रदेश को झकझोर दिया है। एक तरफ बरही में तीन मंजिला इमारत आग की चपेट में आई, तो दूसरी तरफ छपारा में एक घर में लगी आग ने छह जिंदगियां छीन लीं। दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हुई। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है।