

Omkareshwar Child Death Case: खंडवा के ओंकारेश्वर में खुले सेफ्टी टैंक में डूबने से एक मासूम बच्चे की मौत के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने प्रेसवार्ता कर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण एक मासूम की जान चली गई, जिसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उत्तमपाल सिंह ने कहा कि ओंकारेश्वर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक धर्मशाला को तोड़ा गया था, लेकिन उसका सेफ्टी टैंक खुला छोड़ दिया गया। इसी खुले टैंक में गिरने से मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। उनका कहना था कि यदि प्रशासन समय पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करता और खतरनाक स्थानों को सुरक्षित करता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ओंकारेश्वर में डूबने और अन्य दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। पार्टी की ओर से कई बार ज्ञापन देकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई, लेकिन प्रशासन ने इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लगातार चेतावनी के बावजूद लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा अब एक मासूम और उसके परिवार को भुगतना पड़ा।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, जबकि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता जताई।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं न्याय दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
https://youtu.be/sxm3QC0tS9w?si=eZAQY-qVhmb8VEGe