खंडवा में त्योहारों पर सुरक्षा का अभेद्य किला; 500 जवान, 5 ड्रोन और 20 वीडियोग्राफर करेंगे निगरानी

Festival Security Khandwa: गणेश उत्सव और नवरात्रि को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 500 जवान, 5 ड्रोन और 20 वीडियोग्राफर रखेंगे नजर, पंडालों में लगेंगे स्कैनर जिससे सीधे पुलिस तक पहुंचेगी शिकायत।
Khandwa administration strengthens festival security
खंडवा में त्योहारों पर सुरक्षा का अभेद्य किला(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Khandwa Festival Security Arrangements: खंडवा में गणेश उत्सव और आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत प्लान तैयार किया है। पिछले 15 वर्षों में सामने आई घटनाओं और संवेदनशील स्थानों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। शहर में करीब 500 पुलिस जवानों की तैनाती रहेगी, जबकि 5 ड्रोन और 20 वीडियोग्राफर पूरे आयोजन पर नजर रखेंगे।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में गणेश उत्सव एवं नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अगम जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने क्या कहा?

कलेक्टर ने कहा कि सभी त्योहार आपसी सद्भाव, भाईचारे और परंपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाए जाएं। शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों से डीजे और साउंड सिस्टम का कम से कम उपयोग करने तथा ध्वनि प्रदूषण रोकने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी विवादास्पद या भड़काऊ संदेश को शेयर नहीं करने की हिदायत दी।

पंडालों पर स्कैनर, सीधे पुलिस तक पहुंचेगी शिकायत

पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसा कोई पोस्ट, मैसेज या सामग्री साझा न करें, जिससे शहर का माहौल बिगड़े। माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी। गणेश पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस द्वारा जारी स्कैनर लगाए जाएंगे। किसी युवती या अन्य व्यक्ति को असामाजिक तत्वों से परेशानी होने पर वह मोबाइल से स्कैनर के जरिए पुलिस तक सूचना पहुंचा सकेगा। इससे पुलिस को मौके पर तत्काल कार्रवाई में मदद मिलेगी।

Khandwa administration strengthens festival security
मुरैना कलेक्टर का सादगी भरा अंदाज; बच्चों के साथ जमीन पर दरी पर बैठकर जांची कॉपियां

एक माह में 200 बदमाशों पर कार्रवाई

पुलिस ने त्योहारों से पहले असामाजिक तत्वों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पिछले एक माह में करीब 200 बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख आयोजनों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

साइबर सेल की सोशल मीडिया पर पैनी नजर

पुलिस की साइबर सेल धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले और विवादास्पद पोस्ट पर नजर रख रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट अथवा शेयर करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com