खंडवा: दिरा सागर डैम ब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर; महिला की हुई मौत

Khandwa Road Accident: ओंकारेश्वर से कुबरेश्वर धाम जा रहे वाराणसी के परिवार की कार को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, जग मूर्ति नर्मदा ब्रिज पर महिला की मौत, 9 घायल, कार को काफी दूर घसीटता ले गया ट्रक।
A woman lost her life after a truck allegedly collided with a car on the Dira Sagar Dam Bridge in Khandwa, prompting a police investigation into the fatal road accident
खंडवा रोड हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Dira Sagar Dam Bridge Accident Khandwa: नर्मदा नगर थाना क्षेत्र में इंदिरा सागर डैम के सामने स्थित जग मूर्ति नर्मदा नदी ब्रिज पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ओंकारेश्वर दर्शन कर सीहोर स्थित कुबरेश्वर धाम जा रहे वाराणसी के एक परिवार की कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। कार का आधा हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया, जिससे उसमें सवार लोग बुरी तरह दब गए।

हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना के बाद ब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

धार्मिक यात्रा कर रहा था परिवार, कार ने ट्रक को मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार वाराणसी के आदमपुर निवासी संजय पिता शिव प्रसाद गुप्ता अपने परिवार के साथ कार से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार ओंकारेश्वर पहुंचा और शुक्रवार सुबह दर्शन कर सीहोर स्थित कुबरेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ। कार को मुकेश पिता बृजलाल चला रहे थे। नर्मदा नगर थाना प्रभारी दिनेश धारावे ने बताया कि ओंकारेश्वर से लौटते समय परिवार ने नर्मदा नदी ब्रिज पर रुककर फोटो खिंचवाए। जैसे ही सभी लोग कार में बैठकर आगे बढ़े, पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक क्रमांक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, परिवार के सदस्यों का उपचार जारी

टक्कर के बाद ट्रक कार को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया और ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए जाकर रुका। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

गंभीर रूप से घायल चार लोगों का विशेष उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के कारण कुछ समय तक ब्रिज पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया।

https://youtu.be/AQTqkWeakNY?si=eFU3BB1umVsZTx9b

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com