कटनी में भीषण सड़क हादसा: हाईवा से टकराकर पलटी यात्री बस, 3 की मौत, 19 घायल

कटनी के लमतरा फाटक ब्रिज के पास हाईवा और यात्री बस की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
Katni Bus Accident
घायलों को अस्पताल पहुंचाती पुलिस (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Katni Bus Accident: कटनी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 19 यात्री घायल हो गए। यह हादसा कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा फाटक ब्रिज के पास हुआ, जहां कटनी से विजयराघवगढ़ जा रही एक यात्री बस सामने से आ रहे हाईवा से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, गुप्ता बस सर्विस की बस यात्रियों को लेकर कटनी से विजयराघवगढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही बस इंडस्ट्रियल एरिया के समीप लमतरा फाटक ब्रिज के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। आसपास मौजूद लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस तथा प्रशासन को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कटनी कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और 19 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और टक्कर की वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हाईवा चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com