जबलपुर की बदहाली पर कांग्रेस का प्रदर्शन: नगर निगम के बाहर धरना, गेट पर फोड़े मटके, जमकर हुआ हंगामा

Jabalpur Nagar Nigam Protest : जबलपुर में कांग्रेस ने नगर निगम के बाहर धरना देकर भ्रष्टाचार, गंदगी, पेयजल संकट और जलभराव के खिलाफ प्रदर्शन किया। विधायक लखन घनघोरिया ने मटके फोड़कर विरोध किया।
Jabalpur Congress Protest
कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Jabalpur Congress Protest: जबलपुर शहर की बदहाल व्यवस्था, सफाई व्यवस्था में अव्यवस्था, पेयजल संकट और नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने निगम कार्यालय का घेराव किया और मुख्य गेट पर मटके फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और महापौर पर शहर की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस का कहना है कि शहर के कई हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा है, बारिश के दौरान जलभराव से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कई क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। इसके बावजूद नगर निगम समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुआ है।

विकास के नाम पर सिर्फ दिखावा

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में शहर के विकास के नाम पर केवल दिखावा किया गया है। उनका कहना था कि शहर की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, लेकिन सरकार और नगर निगम अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त हैं। कांग्रेस ने निगम में कथित दलाली और भ्रष्टाचार के माहौल का भी आरोप लगाया और कहा कि आम नागरिकों को छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि यदि शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और जलभराव जैसी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस आंदोलन को और उग्र करेगी। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। नगर निगम के बाहर हुए इस प्रदर्शन के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि नगर निगम और प्रशासन कांग्रेस के आरोपों और मांगों पर क्या प्रतिक्रिया देता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com