दतिया उपचुनाव: बागी सुर उठते ही नरोत्तम मिश्रा को साधने में जुटी भाजपा, सौंपी चुनाव संचालन समिति की कमान

Datiya By Election : दतिया उपचुनाव में भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को 32 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का प्रमुख बनाया है। पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी देकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है।
Datiya Bypoll Narottam Mishra
कॉन्सेप्ट इमेज (सोर्स- AI)
Published on
Updated on

Datiya Bypoll Narottam Mishra: दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट को लेकर उपजी नाराजगी के बीच भाजपा अब अपने वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चुनावी रणनीति मजबूत करने में जुट गई है। पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को पार्टी ने 32 सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का प्रमुख बनाकर बड़ा संदेश दिया है। इसे पार्टी की ओर से नाराज नरोत्तम मिश्रा को साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

दरअसल, दतिया विधानसभा उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद नरोत्तम मिश्रा की नाराजगी लगातार चर्चा में रही। गुरुवार को दतिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला, लेकिन उनके बयान में पार्टी के प्रति नाराजगी के संकेत भी नजर आए। ऐसे में देर शाम भाजपा ने चुनाव संचालन समिति की घोषणा कर उन्हें चुनाव की कमान सौंप दी।

रूठों को मनाने की कोशिश

सिर्फ नरोत्तम मिश्रा ही नहीं, बल्कि भाजपा ने उन नेताओं को भी समिति में जगह दी है जो हाल के दिनों में नाराज बताए जा रहे थे। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह भी शामिल हैं। रघुवीर सिंह ने नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था।

कई वरिष्ठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी

चुनाव संचालन समिति में भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह, भिंड विधायक प्रदीप अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विवेक नारायणी, जिला महामंत्री अतुल भुरे चौधरी और संध्या आहिरवार को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. रामजी उपरे, धीरू दांगी, प्राणेश हॉंगल, बृजेश यादव और कमलेश अहिरवार को भी समिति में शामिल किया गया है।

पूर्व पदाधिकारियों को भी जगह

समिति में पार्टी के कई पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, उमेश शरण गुप्ता, जगदीश यादव, किशन डंगेला और सुरेन्द्र बुधौलिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उपेन्द्र रावत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोहन पटवा, पूर्व जिला महामंत्री माधवेन्द्र परिहार, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष सतोष कटारे और पूर्व मंडल अध्यक्ष गोवर्धन भार्गव शामिल हैं।

ये बनाए गए समिति सदस्य

इसके अलावा महेश लोधी, मनोहर पाल फौजी, लक्ष्मण साहनियां, शिवराज सिंह जाट, कालीचरण कुशवाह, वंदी लाल, अशोक सिजारिया और दयाल सिंह गुर्जर को भी समिति में सदस्य बनाया गया है। महिला प्रतिनिधित्व के तहत मीनाक्षी कटारे, सुलक्षणा गोविंदिया और किरण गुप्ता को स्थान दिया गया है, जबकि योगेश सक्सेना को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।

एकजुटता का संदेश

भाजपा की इस नई समिति को दतिया उपचुनाव में संगठन और चुनावी प्रबंधन की अहम जिम्मेदारी दी गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा को नेतृत्व की भूमिका देकर न केवल उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया है, बल्कि कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने की भी कोशिश की है।

https://youtu.be/hglkFBuEyDk?si=FtI-Q4To7MUIIus5

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com