जबलपुर: मूसलाधार बारिश से लबालब हुआ बरगी बांध, 9 गेट खोलकर छोड़ा जा रहा पानी; बढ़ा नर्मदा का जलस्तर

Bargi Dam Water Level Increased: मंडला और डिंडोरी में हो रही मूसलाधार बारिश से लबालब हुआ जबलपुर का बरगी बांध, पानी की तेज आवक के बाद 9 गेट खोले गए, नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा 1031 क्यूमेक पानी।
Bargi Dam releases water through nine gates
जबलपुर का बरगी डैम(सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Narmada Water Level Rise: मंडला और डिंडोरी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते जबलपुर का बरगी बांध एक बार फिर लबालब हो गया है। बांध में पानी की लगातार आवक को देखते हुए 21 में से 9 गेट खोलकर नर्मदा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। बांध के गेट औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोले गए हैं। जिससे नर्मदा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है।

गौरतलब है कि बरगी बांध के जलभराव क्षेत्र यानी मंडला और डिंडोरी इलाकों में बीते कुछ दिनों में जोरदार बारिश हुई है, जिसका पानी सीधे बरगी बांध में आता है, यही वजह है कि बांध का जलस्तर 15 दिनों में तेजी से बढ़ा है, बांध में पानी की आवक को देखते हुए मंगलवार को बांध के 9 जल द्वारों से करीब 1031 क्यूमेक पानी की निकासी नर्मदा नदी में की जा रही है।

नर्मदा नदी का बढ़ा जलस्तर

बरगी बांध प्रबंधन के अनुसार बांध में इस समय करीब 1620 क्यूमेक पानी की आवक दर्ज की जा रही है। बांध का वर्तमान जलस्तर 420.80 मीटर रिकॉर्ड किया गया है, जबकि इसकी पूर्ण जलभराव क्षमता 422.76 मीटर है। बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर में करीब 3 से 4 फीट तक की बढ़ोतरी हुई है।

नर्मदा के तटीय इलाकों में अलर्ट

बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी में बड़े हुए जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। बरगी बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने नर्मदा नदी के आसपास और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी के बढ़ते जलस्तर से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही लोगों से घाटों और नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Bargi Dam releases water through nine gates
दतिया: सरकारी आवासों पर प्रशासन का शिकंजा, दल बल के साथ सरकारी क्वाटर खाली कराने पहुंचे प्रशासनिक अफसर

बढ़ सकती है बांध के खोले गए गेटों की ऊंचाई और संख्या

मौसम विभाग के अनुसार जबलपुर संभाग में आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रह सकता है, यदि यही स्थिति रही तो संभव है कि बांध के खोले गए गेटों की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी और संभव है कि गेटों की संख्या बढ़ाकर पानी निकासी की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com