जबलपुर में एंबुलेंस का टायर खराब, 2 घंटे इंतजार के बाद मिली गाड़ी, रास्ते में 5 साल की बच्ची की मौत

Jabalpur Ambulance News : जबलपुर के कटंगी में सांप के काटने के बाद 5 साल की बच्ची को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एम्बुलेंस का टायर खराब होने से देरी हुई और रास्ते में बच्ची की मौत हो गई।
Ambulance delay after tyre fault leads to death of child
सही समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से बच्ची की मौतफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Jabalpur Ambulance Delay Girl Death : जबलपुर के कटंगी क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्राम देवरी निवासी 5 वर्षीय दीक्षा ठाकुर को सांप ने काट लिया था। परिजन उसे इलाज के लिए कटंगी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण बच्ची को इलाज के लिए आगे ले जाने में देरी हुई और रास्ते में उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, 5 वर्षीय दीक्षा ठाकुर को सांप ने काट लिया था। घटना के बाद परिजन उसे तत्काल कटंगी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने बच्ची का प्राथमिक उपचार किया। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाने की सलाह दी और उसे रेफर कर दिया।

एम्बुलेंस का टायर खराब होने की दी जानकारी

परिजनों के मुताबिक, कटंगी अस्पताल में एम्बुलेंस उपलब्ध थी, लेकिन उसके टायर में खराबी होने के कारण उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सका। गंभीर हालत में बच्ची को तत्काल जबलपुर ले जाने के लिए दूसरी एम्बुलेंस को कॉल किया गया। परिजनों का आरोप है कि दूसरी एम्बुलेंस पहुंचने में करीब दो घंटे लग गए। इस दौरान बच्ची को अस्पताल में ही इंतजार करना पड़ा।

रास्ते में बच्ची ने तोड़ा दम

करीब दो घंटे बाद दूसरी एम्बुलेंस पहुंची, जिसके बाद बच्ची को जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रवाना किया गया। हालांकि, रास्ते में ही दीक्षा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर बच्ची को समय पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी हालत को संभालने का मौका मिल सकता था।

एम्बुलेंस के मेंटेनेंस पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों ने एम्बुलेंस की व्यवस्था और उसके समय पर मेंटेनेंस को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गंभीर मरीजों को तत्काल रेफर करने की स्थिति में एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होना बड़ी समस्या है। ऐसे में एम्बुलेंस के रखरखाव और स्वास्थ्य संसाधनों की व्यवस्था की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Ambulance delay after tyre fault leads to death of child
भोपाल: शिक्षक भर्ती पदवृद्धि को लेकर फिर सड़क पर उतरे वर्ग-1 अभ्यर्थी, 43 दिन से नीलम पार्क में जारी है आंदोलन

पुलिस ने रिपोर्ट मांगी, तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई

मामले में जबलपुर पुलिस ने स्थानीय ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर से रिपोर्ट मांगी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के मुताबिक, रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि एम्बुलेंस की खराबी और दूसरी एम्बुलेंस पहुंचने में हुई देरी की वास्तविक वजह क्या थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com