

Indore Water Tanker Dispute: इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में पानी के टैंकर भरने को लेकर मंगलवार रात दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट व पथराव की स्थिति बन गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात संभालने पड़े।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र के एक हाइड्रेंट से पानी भरने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि पानी भरने से रोकने और बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चले और पथराव भी हुआ। इस दौरान कुछ लोगों को चोटें आईं, जबकि एक वाहन और ऑटो रिक्शा को भी नुकसान पहुंचा।
मारपीट के दौरान एक युवक के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
विवाद के बाद दोनों पक्ष आज़ाद नगर पुलिस थाने पहुंचे और एक-दूसरे पर आरोप लगाए। कुछ लोग शिकायत दर्ज कराने के लिए भी पहुंचे, जिसके चलते थाने के बाहर भी काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढें:
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।इंदौर में पानी को लेकर आपस में भिड़ने वाले दोनों पक्ष एक ही पार्टी से जुड़े हुए है, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।