Indore Trustee Murder Case: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है, जहां अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में बारामथा मंदिर के 70 वर्षीय ट्रस्टी कैलाश मोदी की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह पूरी वारदात पास के ही एक गुरुद्वारे के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे जब कैलाश मोदी सेवा दे रहे थे, तब परिसर के ही पूर्व चौकीदार मुकेश ने उन पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फुटेज में आरोपी उन पर करीब 31 बार वार करता हुआ नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी अत्यधिक नशे का आदी है और नशा करके मंदिर में आने से टोकने पर वह रंजिश रखता था, जिसके कारण उसे 10 महीने पहले कैंपस से बाहर भी किया गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले से ही आदतन अपराधी है और उस पर जिला बदर की कार्रवाई भी चल रही थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।