सागर में सांसद की होटल में युवक से मारपीट, 4 दिन बाद वायरल सीसीटीवी फुटेज से मचा हड़कंप; जानें पूरा मामला

Sagar Crime News: एमपी के सागर में सांसद लता वानखेड़े के होटल 'वैदिक वाटिका' में बड़ा विवाद, युवक को बंधक बनाकर पीटा, एक ही ID पर रुके थे 7 हमलावर, CCTV फुटेज वायरल।
Alleged assault inside MP's hotel in Sagar comes under police investigation
सागर में युवक की पिटाई (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sagar Youth Beatdown In MP Hotel: मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र से एक विवादित मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। मकरोनिया थाना क्षेत्र स्थित सांसद डॉ. लता वानखेड़े की वैदिक वाटिका होटल में एक युवक के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। पीड़ित युवक ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

देर रात होटल में हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवक का कहना है कि वह अपने एक मित्र को छोड़ने के लिए निकला था। इसी दौरान होटल में ठहरे कुछ बाहरी युवकों के साथ उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामूली विवाद था लेकिन देखते ही देखते मामला बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

युवक को होटल के अंदर ले जाकर मारपीट का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विवाद बढ़ने के बाद होटल में मौजूद 5 से 7 युवकों ने उसे जबरन होटल के अंदर ले जाकर मारपीट की। युवक का दावा है कि आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और उसे डराने-धमकाने की भी कोशिश की। बताया जा रहा है कि होटल में ठहरे सभी युवक एक ही आईडी पर रुके हुए थे, जिसकी भी पुलिस जांच कर रही है।

CCTV फुटेज वायरल होने के बाद आया मामला सामने

घटना के करीब चार दिन बाद इसका कथित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई और मामला तेजी से लोगों के बीच फैल गया। इसके बाद पीड़ित युवक मकरोनिया थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस जुटी जांच में, आरोपियों की पहचान जारी

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वायरल सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की निगाहें पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी हैं।