राजा रघुवंशी मर्डर केस: सुप्रीम कोर्ट में सोनम का जवाबी हलफनामा, बोली- मुझे झूठे आरोपों में फंसाया गया

Sonam Raghuvanshi Bail : राजा रघुवंशी हनीमून मर्डर केस में सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में जवाबी हलफनामा दाखिल कर खुद को बेगुनाह बताया। आज उसकी जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर अहम सुनवाई होगी।
Raja Raghuvanshi Murder Case
राजा और सोनम रघुवंशी (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Raja Raghuvanshi Murder Case: देशभर में चर्चित राजा रघुवंशी हनीमून मर्डर केस में एक बार फिर कानूनी हलचल तेज हो गई है। मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में जवाबी हलफनामा दाखिल कर खुद को निर्दोष बताया है। सोनम ने अदालत से कहा है कि उसे झूठे आरोपों में फंसाया गया है और वह जांच एजेंसियों के साथ लगातार सहयोग कर रही है। मामले में मेघालय सरकार की ओर से उसकी जमानत को चुनौती देने वाली याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। इस सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं क्योंकि अदालत का फैसला मामले की आगे की दिशा तय कर सकता है।

सोनम रघुवंशी ने अपने हलफनामे में कहा है कि उसने कभी भी जांच से बचने या न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश नहीं की। उसने दावा किया कि वह ट्रायल और जांच में पूरी तरह सहयोग कर रही है, इसलिए उसके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।

आज अहम सुनवाई

पिछली सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि मामले में अभी 94 गवाहों के बयान दर्ज होने बाकी हैं और मुकदमा अभी ट्रायल के चरण में है। अदालत ने केस की प्रगति को लेकर कई सवाल पूछे थे और अगली सुनवाई के लिए 9 जुलाई की तारीख तय की थी।

शिलांग जेल में बंद हैं राज और अन्य आरोपी

फिलहाल इस मामले में आरोपी राज कुशवाह और उसके तीन साथी शिलांग जेल में बंद हैं, जबकि सोनम रघुवंशी जमानत पर बाहर है। इसके अलावा तीन अन्य आरोपियों और एक मकान मालिक को भी अदालत से जमानत मिल चुकी है। दूसरी ओर, राजा रघुवंशी के परिजनों ने लगातार सोनम की जमानत का विरोध किया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है।

क्या था मामला?

गौरतलब है कि इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को सोनम रघुवंशी से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए मेघालय गए थे। 23 मई 2025 को दोनों रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। इसके बाद पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया और 3 जून 2025 को मेघालय की एक गहरी खाई से राजा रघुवंशी का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर सोनम रघुवंशी को भी मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए गिरफ्तार किया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com