MP पर कर्ज, सरदार सरोवर, ओंकारेश्वर मूर्ति विवाद और UCC समेत कई मुद्दों को लेकर जीतू पटवारी का सरकार पर हमला

Madhya Pradesh Congress : जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश सरकार पर बढ़ते कर्ज, सरदार सरोवर परियोजना, ओंकारेश्वर प्रतिमा विवाद, यूसीसी, मंदिरों में चंदा चोरी और दतिया उपचुनाव को लेकर तीखा हमला बोला है।
Jitu Patwari Press Conference
जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jitu Patwari Press Conference: मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर वित्तीय प्रबंधन, सरदार सरोवर बांध, ओंकारेश्वर मंदिर में शंकराचार्य प्रतिमा विवाद, मंदिरों में चंदा चोरी, यूसीसी और दतिया उपचुनाव समेत कई मुद्दों पर तीखा हमला बोला।

पटवारी ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश पर 5.61 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है और सरकार जनता के पैसे का उपयोग विकास के बजाय सरकारी आयोजनों पर कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से राज्य के कर्ज को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग कर रही है, लेकिन सरकार अब तक इससे बच रही है।

सरदार सरोवर पर 7,500 करोड़ रुपये छोड़ने का आरोप

जीतू पटवारी ने कहा कि सरदार सरोवर परियोजना के कारण डूब क्षेत्र, विस्थापन और पुनर्वास का सबसे बड़ा दंश मध्यप्रदेश ने झेला। उनके मुताबिक 178 गांव प्रभावित हुए, लेकिन इसके बावजूद राज्य को केवल 231 करोड़ रुपये मिलने का दावा किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि मध्यप्रदेश के 7,500 करोड़ रुपये क्यों छोड़ दिए गए, इसका जवाब सरकार के पास नहीं है। कांग्रेस ने पूरे मामले में श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने यह भी पूछा कि इस विषय पर कैबिनेट, विधानसभा, विपक्ष या पर्यावरण विशेषज्ञों से चर्चा क्यों नहीं की गई।

ओंकारेश्वर में शंकराचार्य प्रतिमा विवाद पर भी सरकार घिरी

पटवारी ने ओंकारेश्वर मंदिर में आदि शंकराचार्य की प्रतिमा से जुड़े विवाद पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिमा में सामने आए विवाद और तकनीकी खामियों की मूल वजह भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व की परियोजनाओं में भी पारदर्शिता नहीं रखी गई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। हाल के दिनों में प्रतिमा की गुणवत्ता, निर्माण और तकनीकी पहलुओं को लेकर सवाल उठने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में है।

यूसीसी पर केंद्र और राज्य को घेरा

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर पटवारी ने कहा कि यह केवल लोगों को भ्रमित करने का प्रयास है। उनके अनुसार यूसीसी केंद्र सरकार का विषय है, राज्य सरकार इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है।

मौन सत्याग्रह और दतिया उपचुनाव

अपने मौन सत्याग्रह को लेकर पटवारी ने कहा कि उनकी नाराजगी मीडिया या किसी व्यक्ति से नहीं, बल्कि उस शासन मॉडल से है जो देश में लागू किया जा रहा है। दतिया विधानसभा उपचुनाव पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार के नाम की घोषणा शाम तक कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 500 प्रतिशत दतिया उपचुनाव जीतेगी।

मंदिरों में चंदा चोरी पर भी हमला

प्रदेश में मंदिरों में चंदा चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि धर्म की आड़ में लगातार चोरी हो रही है, जिससे लोगों की आस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग की।

https://youtu.be/L6A7FqNtgQE?si=b3S82dzRqLtOZak_

Navbharat Live
navbharatlive.com