

Women Protest Against Rahul Gandhi In Indore: इंदौर में राहुल गांधी के दौरे के दौरान महिला संघर्ष समिति ने विरोध प्रदर्शन किया। समिति से जुड़ी महिलाएं काली पट्टी और काले झंडे लेकर गुजराती स्कूल से रेडिसन होटल पहुंचीं और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। महिला संघर्ष समिति ने राहुल गांधी पर लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का विरोध करने का आरोप लगाया।
महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर महिला संगठनों ने नाराजगी जताई और राहुल गांधी के सामने अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान महिलाओं ने काले झंडे दिखाकर अपनी मांग और आपत्ति को प्रमुखता से उठाया।
इंदौर शहर की राजनीति उस समय भी गरमा गई, जब शहर की सड़कों पर रातों-रात 100 से अधिक जगहों पर ‘झूठ की गूंज’ लिखे होर्डिंग्स नजर आए। इन होर्डिंग्स पर एक स्कैनर के साथ वेबसाइट का पता भी दर्ज है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह होर्डिंग्स किसने लगवाए हैं और इनके पीछे क्या मकसद है। फिलहाल, शहर में लगे इन होर्डिंग्स को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही सभागार पूरी तरह हाउसफुल हो गया। दोपहर 12 बजे से ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के रास्तों पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचने लगे। युवाओं की बढ़ती भीड़ के चलते आयोजन स्थल के आसपास भी काफी चहल-पहल नजर आई।
कांग्रेस ने कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी के लिए 35 वर्ष तक की आयु सीमा तय की है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को खासतौर पर Gen-Z को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। आयोजन के दौरान बॉलीवुड सिंगर राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल अपनी प्रस्तुतियां देंगे।‘
छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की खासियत इसका गैर-राजनीतिक स्वरूप रखा जाना है। आयोजन स्थल पर कांग्रेस के झंडे और चुनाव चिह्न नजर नहीं आएंगे। कार्यक्रम के दौरान मंच पर राहुल गांधी अकेले मौजूद रहेंगे और सीधे युवाओं से संवाद करेंगे। कांग्रेस के किसी अन्य नेता को उनके साथ मंच साझा करने की अनुमति नहीं होगी। आयोजन को युवाओं के साथ सीधे संवाद और उनकी बात सुनने के केंद्र में रखा गया है।