

Chhatron Ki Goonj Indore: राहुल गांधी के इंदौर पहुंचते ही शहर की सड़कों पर करीब 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच एक एम्बुलेंस की गति भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुई, हालांकि मार्ग साफ होते ही उसे आगे बढ़ा दिया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जुटे वॉलंटियर्स को कांग्रेस की ओर से निःशुल्क टी-शर्ट वितरित की गई।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद समर्थक ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘घर-घर गांधी, राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाते दिखाई दिए।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए दोपहर 3:30 बजे से एंट्री होनी शुरू हो गई थी, गौरतलब है कि, उससे पहले ही भारी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पहुंचने लगे थे। आयोजन स्थल पर बनाए गए डोम के अंदर करीब 10 हजार से ज्यादा लोग पहुंच चुके हैं। छात्रों और युवाओं की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनके काफिले के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह बढ़ गया। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों के पहुंचने का क्रम लगातार जारी है।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। इंदौर में यह ‘छात्रों की गूंज’ का पहला आयोजन है, जबकि देशभर में यह पांचवां कार्यक्रम है। कांग्रेस के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं। प्रशासन ने 31 शर्तों के साथ आयोजन की अनुमति दी है। ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवा नारेबाजी करते हुए कार्यक्रम स्थल में एंट्री करते नजर आए। बड़ी संख्या में युवा जोश के साथ अंदर पहुंच रहे हैं।