राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सियासी संग्राम; युवा कांग्रेस ने किया BJP कार्यालय घेराव का प्रयास

Youth Congress Protest Indore: राहुल गांधी के इंदौर दौरे से पहले सियासी भूचाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने किया बीजेपी दफ्तर घेराव का प्रयास।
Youth Congress attempts to gherao BJP office before Rahul Gandhi Indore visit
इंदौर में युवा कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय घेराव का प्रयास(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BJP Office Gherao Attempt Youth Congress: राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले कांग्रेस और बीजेपी के बीच सियासी टकराव तेज होता नजर आ रहा है। कांग्रेस की बैठक खत्म होने के बाद युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने बीजेपी कार्यालय के घेराव का ऐलान किया। इसके बाद कार्यकर्ता शुभ कारज गार्डन से बीजेपी कार्यालय की ओर रवाना हुए।

प्रदर्शन की जानकारी पहले से होने के चलते पुलिस ने भंवरकुआं थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी। जैसे ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता थाने के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही नारेबाजी शुरू कर दी।

संविधान की किताब लेकर पहुंचे कार्यकर्ता

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं के हाथों में संविधान की किताबें थीं। कार्यकर्ताओं ने संविधान और सामाजिक समानता के मुद्दे को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और बीजेपी के बीच वैचारिक टकराव का मुद्दा भी सामने आया।

मनुस्मृति के चित्र जलाकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति के चित्र जलाकर विरोध जताया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत के पोस्टर फाड़े जाने की बात भी सामने आई। इस घटनाक्रम के बाद मौके पर राजनीतिक माहौल और गरमा गया।

यश घनघोरिया बोले- बीजेपी डरती है तो पुलिस को आगे करती है

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश संविधान से चलेगा, ऐसी किताब से नहीं जो जन्म के आधार पर जातियों में भेद करती है। उन्होंने मनुस्मृति में महिलाओं के अधिकारों से जुड़े प्रावधानों का भी जिक्र किया। घनघोरिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण की घटना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि संविधान और सामाजिक समानता को लेकर कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।

Youth Congress attempts to gherao BJP office before Rahul Gandhi Indore visit
Madhya Pradesh Top 10 News: जन विश्वास पोर्टल लॉन्च से ग्वालियर बंद और जेल फायरिंग तक; पढ़ें सभी बड़ी अपडेट

पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस का हमला

पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोके जाने पर घनघोरिया ने कहा कि जब-जब बीजेपी डरती है, पुलिस को आगे करती है। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से बीजेपी कार्यालय का बड़ा घेराव किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान इंदौर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बीजेपी कार्यालय की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया। मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी दिशेश अग्रवाल ने भी पुलिस की कार्रवाई और मौके की स्थिति को लेकर जानकारी दी।

राहुल गांधी के दौरे से पहले बढ़ा राजनीतिक तनाव

राहुल गांधी के प्रस्तावित इंदौर दौरे से पहले युवा कांग्रेस का यह प्रदर्शन कांग्रेस के आक्रामक तेवर का संकेत माना जा रहा है। एक ओर कांग्रेस ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज की हैं, वहीं दूसरी ओर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी बढ़ रही है। युवा कांग्रेस के बड़े घेराव के ऐलान के बाद आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com