

Indore Fake Neet Paper: इंदौर में नीट परीक्षा के नाम पर छात्रों और अभिभावकों को ठगने वाले एक युवक को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए खुद को पेपर उपलब्ध कराने वाला बताकर छात्रों से पैसे वसूल रहा था। जांच में सामने आया कि वह असली प्रश्नपत्र नहीं बल्कि पुराने पेपर और एआई टूल्स की मदद से तैयार किए गए प्रश्नों को लीक पेपर बताकर बेच रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी अक्षय मालवीय इंस्टाग्राम पर आकर्षक पोस्ट डालकर छात्रों को अपने जाल में फंसा रहा था। पोस्ट पर क्लिक करने के बाद छात्रों को एक लिंक भेजा जाता था, जहां भुगतान करने के बाद कथित प्रश्नपत्र की पीडीएफ उपलब्ध कराई जाती थी। आरोपी प्रति छात्र करीब 200 रुपये लेकर यह सामग्री बेच रहा था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब राजस्थान के कोटा से इंदौर पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच और साइबर टीम ने निगरानी शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की पड़ताल की गई। परीक्षा प्रभावित न हो इसलिए पुलिस ने कार्रवाई को गोपनीय रखा।
आरोपी के मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस की जांच में कई फर्जी प्रश्नपत्रों की पीडीएफ़ बरामद हुई हैं। पूछताछ में पता चला कि उसने कई छात्रों से नीट री एग्जाम के नाम पर भुगतान भी प्राप्त किए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई नेटवर्क भी सक्रिय है,हालाकि आरोपी के पास से मिले पेपर एआई टूल से तैयार किये गए थे ।
यह भी पढें:
क्राइम ब्रांच और साइबर पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिक्षा से जुड़े नामों का इस्तेमाल कर छात्रों को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।