

महू के मानपुर थाना क्षेत्र में बेटी की तलाश कर रहे पिता की पीट-पीटकर हत्या।
ग्राम बिचौली में महेश भूरिया पर लोहे की रॉड और हथियारों से हमला।
बेटी के बारे में पूछताछ करने आरोपी के घर पहुंचे थे महेश।
Indore Mahu Murder Case: इंदौर जिले के महू के मानपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। घर से लापता बेटी की तलाश में निकले पिता की आरोपियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, बेटी के बारे में पूछताछ करने पहुंचे पिता पर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला किया गया।
गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मृतक की बेटी अब भी लापता है।
दरअसल, यह पूरा मामला इंदौर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिचौली का है। मृतक की पहचान महेश पिता घनश्याम भूरिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महेश की बेटी आरोपी की पत्नी के साथ खेती-मजदूरी के काम पर जाती थी। एक दिन शाम को बेटी घर नहीं लौटी तो परिजन परेशान हो गए। इसके बाद महेश बेटी की तलाश में निकल पड़े।
बेटी के बारे में जानकारी लेने के लिए महेश आरोपी के घर पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने महेश पर लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर महेश की बेटी कहां है, उसकी तलाश के लिए पुलिस ने अलग से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।