

सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में आईसीयू में शिफ्ट करने की सलाह पर हंगामा।
मंगलवार देर रात वार्ड नंबर 30 में मरीज के परिजनों ने किया विवाद।
मरीज के बेटे पर अपने ही पिता का गला दबाने की कोशिश का आरोप।
Woman Beats Security Supervisor With Slipper Sagar: सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में मरीज को आईसीयू में भर्ती कराने की सलाह देना विवाद की वजह बन गया। मंगलवार देर रात वार्ड में मरीज के परिजनों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि इस दौरान एक महिला ने सुरक्षा सुपरवाइजर को चप्पल से पीटा, जबकि मरीज के बेटे ने अपने ही पिता का गला दबाने की कोशिश की।
घटना का वीडियो भी सामने आया है। बीएमसी प्रबंधन ने मामले में गोपालगंज थाने में लिखित शिकायत दी है।
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज अधीक्षक डॉ राजेश जैन के अनुसार, मरीज को मंगलवार दोपहर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद उसकी हालत गंभीर बताई थी। मरीज को बेहतर और जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराने के लिए आईसीयू में शिफ्ट करने की सलाह दी गई थी।
सागर जिले के बीएमसी के मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. रमेश पांडेय ने बताया कि 18 नवंबर की रात करीब 12:10 बजे वार्ड नंबर 30 में विवाद होने की सूचना मिली। इसके बाद सिक्योरिटी सुपरवाइजर मो. शफीक खान सुरक्षा गार्डों के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय ड्यूटी डॉक्टर मरीज को आईसीयू-15 में शिफ्ट करने के लिए परिजनों को समझा रहे थे। परिजनों ने इस पर असहमति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और वार्ड में भीड़ जमा हो गई।
बीएमसी प्रबंधन के अनुसार, विवाद के दौरान मरीज के बेटे ने कथित तौर पर अपने पिता का गला दबाने की कोशिश की। डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर उसे रोकने और मरीज को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद युवक के साथ मौजूद 8 से 10 लोगों ने डॉक्टर, सिक्योरिटी सुपरवाइजर और गार्डों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक महिला ने सुपरवाइजर मो. शफीक खान को चप्पल से पीटा।
घटना के बाद बुधवार को सिक्योरिटी सुपरवाइजर मो. शफीक खान ने गोपालगंज थाने में लिखित शिकायत आवेदन दिया। फिलहाल मामले में दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई की जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।