

भोपाल के अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बेनेकोर के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन।
39 हजार वर्ग मीटर में फैले संयंत्र में प्रीमियम हाइजीन नॉनवोवन सामग्री का उत्पादन शुरू।
प्लांट में दो अत्याधुनिक एयर थ्रू बॉन्ड उत्पादन लाइनें स्थापित।
Madhya Pradesh Hygiene Sector Growth: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में औद्योगिक विकास को नई गति देने वाला एक बड़ा कदम उठाया गया है। जर्मन-भारतीय संयुक्त उद्यम बेनेकोर प्राइवेट लिमिटेड ने भोपाल में अपने नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का आधिकारिक उद्घाटन किया है।
अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में 39 हजार वर्ग मीटर में फैले इस अत्याधुनिक संयंत्र में अब प्रीमियम हाइजीन नॉनवोवन सामग्री का उत्पादन शुरू हो गया है।
इस प्लांट के शुरू होने से भारत के हाइजीन उद्योग को नई तकनीक मिलने के साथ मध्य प्रदेश की औद्योगिक पहचान भी मजबूत होगी। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव वर्चुअल रूप से शामिल हुए। वहीं बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने फीता काटकर संयंत्र का उद्घाटन किया और पूरे प्लांट का निरीक्षण किया।
राजधानी भोपाल के बेनेकोर का यह संयंत्र पहले टी.डब्ल्यू.ई. ओ.बी.टी. प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। कंपनी ने अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित 39 हजार वर्ग मीटर के परिसर को आधुनिक विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित किया है। यहां नवीनतम उत्पादन तकनीक और गुणवत्ता नियंत्रण के उच्च मानकों के साथ प्रीमियम नॉनवोवन सामग्री तैयार की जाएगी। इसका उत्पादन घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों की जरूरतों को भी पूरा करेगा।
इस प्लांट की सबसे बड़ी खासियत यहां स्थापित की गई दो अत्याधुनिक एयर थ्रू बॉन्ड (एटीबी) उत्पादन लाइनें हैं। इनके जरिए कंपनी प्रीमियम बेबी डायपर और सैनिटरी नैपकिन के लिए अल्ट्रा-सॉफ्ट नॉनवोवन सामग्री का उत्पादन करेगी। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक के साथ वह भारत में इस तरह की सामग्री बनाने वाली पहली निर्माता होगी। इससे हाइजीन उत्पादों में कोमलता, गुणवत्ता और सुरक्षा के नए मानक स्थापित करने में मदद मिलेगी।
संयंत्र के उद्घाटन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव वर्चुअल रूप से शामिल हुए और शिलालेख का अनावरण किया। वर्ष 2024 में इसके भूमिपूजन कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री मौजूद थे। बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने फीता काटकर प्लांट का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बेनेकोर के चेयरमैन रुद्र चटर्जी, टीडब्ल्यूई ग्रुप के सीईओ जोर्ग ओर्टमीयर और जर्मन दूतावास की आर्थिक परामर्शदाता जूलिया शेलहास भी उपस्थित रहीं।
बेनेकोर, भारत के ओबीटी समूह और जर्मनी के टीडब्ल्यूई ग्रुप का संयुक्त उद्यम है। इस साझेदारी में भारतीय औद्योगिक अनुभव और जर्मन तकनीकी विशेषज्ञता को एक साथ लाया गया है। कंपनी के सीईओ इंगो सोएलर के मुताबिक, यह निवेश भारत की विनिर्माण क्षमता और बाजार की संभावनाओं में उनके विश्वास को दर्शाता है। नए संयंत्र से मध्य प्रदेश में उन्नत विनिर्माण तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए प्रीमियम हाइजीन उत्पाद तैयार करने की दिशा में नई संभावनाएं खुलेंगी।