

Mhow Explosive Material Theft : इंदौर जिले के महू में विस्फोटक सामग्री की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बडगोंदा थाना क्षेत्र के ग्राम सितापाट में स्थित एक मैगजीन गोडाउन का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री चोरी कर ले गए। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, सितापाट गांव में सूरज पाटीदार का मैगजीन गोडाउन है, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत विस्फोटक सामग्री रखी जाती है। 6 और 7 सितंबर की दरमियानी रात बदमाशों ने गोडाउन को निशाना बनाया। ताला तोड़कर अंदर घुसे आरोपियों ने सामग्री समेटी और मौके से फरार हो गए।
ग्रामीण उप अधीक्षक उमाकांत चौधरी के अनुसार, चोरी हुई सामग्री में 40 एमएम नाईट्रेड मिक्सर के तीन बॉक्स शामिल हैं। इनका वजन करीब 75 किलो बताया गया है। इसके अलावा 25 एमएम नाईट्रेड मिक्सर के 11 बॉक्स भी चोरी हुए हैं, जिनका वजन करीब 300 किलो बताया गया है। बदमाश करीब 375 मीटर डेटोनेटिंग फ्यूज भी ले गए।
पुलिस ने चोरी गई विस्फोटक सामग्री की कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई है। हालांकि आर्थिक कीमत से ज्यादा चिंता इस बात की है कि बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और डेटोनेटिंग फ्यूज अज्ञात लोगों के हाथ लग गए हैं। इसी वजह से पुलिस चोरी की घटना को गंभीरता से लेकर सामग्री की बरामदगी पर जोर दे रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही बडगोंदा पुलिस मौके पर पहुंची और गोडाउन का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके साथ ही गोडाउन तक पहुंचने वाले रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एडिशनल एसपी रामचंद्रन के नेतृत्व में 15 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। टीम चोरी गई सामग्री की बरामदगी के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। फरियादी सूरज पाटीदार की शिकायत पर बडगोंदा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।