कुत्तों को खाना खिलाने पर शुरू हुआ बवाल बना राजनीतिक जंग; इंदौर में थाने के बाहर जमकर हुई नारेबाजी
Dog Feeding Row Indore: इंदौर के उषा नगर में कुत्तों को खाना खिलाने पर बीजेपी के दो गुटों में मारपीट और तोड़फोड़, अन्नपूर्णा थाने के बाहर हुआ हंगामा, वीरेंद्र शेंडगे पद से मुक्त।
- Reported By: अंशुल मुकाती | Edited By: सजल रघुवंशी
इंदौर में कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर हुआ विवाद (सोर्स- सोशल मीडिया)
Indore Usha Nagar Dog Feeding Row: इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 स्थित उषा नगर में आवारा कुत्तों को खाना खिलाने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। सड़क पर कुत्तों को भोजन कराने के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट और तोड़फोड़ की नौबत आ गई, मामले में दोनों पक्ष बीजेपी से जुड़े हुए है, फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
दरअसल, मामला विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 के उषा नगर का है।स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों के अनुसार, क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा रोजाना बड़ी मात्रा में आवारा कुत्तों को सड़क और दुकानों के सामने भोजन कराया जा रहा था। व्यापारियों का आरोप है कि भोजन बिखरा रहने से इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही थी, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा था और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दोनों पक्षों में जमकर हुई मारपीट
इसी बात को लेकर क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी की नेता एवं विधायक मालिनी गौड़ के समर्थक बताए जा रहे वीरेंद्र शेंडगे ने संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला और तोड़फोड़ के आरोप लगाए हैं। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए है, घटना की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के समर्थक और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में अन्नपूर्णा थाने पहुंच गए।
सम्बंधित ख़बरें
मुरैना में चेकिंग के दौरान आरटीओ टीम पर जानलेवा हमला; SI की सरकारी गाड़ी को ट्रैक्टर से मारी टक्कर
रीवा के शिल्पी प्लाजा में सरेराह गुंडागर्दी; मामूली कार टक्कर के बाद बेल्टों से दो युवकों को बेरहमी से पीटा
बड़वानी में सीवरेज कंपनी की ‘बेशर्मी’ पर फूटा गुस्सा; कांग्रेस पार्षदों ने कीचड़ के गड्ढे में लगाया पौधा
सिंहस्थ-2028 के लिए खंडवा पुलिस का ‘मिशन सुरक्षा’ एक्टिव, SP अगम जैन की मौजूदगी में विशेष कमान ट्रेनिंग पूरी
थाने के बाहर जुटी भीड़
देर रात तक थाने के बाहर भारी भीड़ जुटी रही और प्रदर्शन व नारेबाजी का दौर चलता रहा। सुबह से इलाके में दोनों पक्षों के घरों पर तोड़फोड़ की बात भी सामने आई, स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
यह भी पढ़ें: मुरैना में चेकिंग के दौरान आरटीओ टीम पर जानलेवा हमला; SI की सरकारी गाड़ी को ट्रैक्टर से मारी टक्कर
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अन्नपूर्णा थाना पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है। मामले में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भी वीरेंद्र शेडके को विधानसभा प्रभारी के पद से हटाकर नोटिस जारी किया गया है।
