

Indore Security Guard Death Case: इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में कॉलोनी के गेट पर तैनात चौकीदार को कार से कुचलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉलोनी में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद कार सवार युवक ने चौकीदार और एक महिला को टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र मालवीय कॉलोनी के गेट पर चौकीदारी कर रहे थे। इसी दौरान राजा कुमावत नामक युवक अपनी महिला मित्र के साथ कार से कॉलोनी पहुंचा। चौकीदार ने कॉलोनी के नियमों के तहत दोनों को रोककर पूछताछ की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि कार सवार युवक ने गुस्से में चौकीदार और वहां मौजूद महिला पर कार चढ़ा दी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय की मौत हो गई। वहीं, घायल महिला का इलाज जारी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गौरतलब है कि, आरोपी की तलाश इंदौर पुलिस द्वारा तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी की जल्द से जल्द पहचान हो जाएगी और उसे गिरफ्तार भी कर लिया जाएगा।
मामले की सूचना मिलने पर लसूड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे आरोपी और कार की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
इंदौर पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद विवाद और वारदात के पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।