इंदौर के नामचीन सयाजी होटल के 8 में से 5 खाद्य सैंपल फेल, दो फर्मों के 16 घी नमूने भी जांच में मिले असुरक्षित

Indore Food Safety Action : इंदौर के सयाजी होटल के 8 खाद्य नमूनों में 5 फेल मिले हैं। 2 नमूने असुरक्षित और 3 अवमानक पाए गए। दो फर्मों के 16 घी सैंपल भी असुरक्षित मिले।
Food safety officials inspect samples collected from Sayaji Hotel.
इंदौर स्थित सयाजी होटल फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Sayaji Hotel Indore Food Sample : खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में जांच और कार्रवाई तेज कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट में शहर के नामचीन सयाजी होटल से लिए गए 8 खाद्य नमूनों में से 5 गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें 2 नमूने असुरक्षित और 3 अवमानक पाए गए हैं। इसके अलावा शहर की दो फर्मों से लिए गए घी के सभी 16 नमूने भी जांच में असुरक्षित मिले हैं।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने पूर्व में सयाजी होटल से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 8 नमूने लिए थे। इनकी जांच रिपोर्ट अब सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना के नमूने असुरक्षित पाए गए। वहीं पनीर, सान्या मीडियम फैट पनीर और खोपरा बूरा के नमूने अवमानक मिले हैं। इस तरह होटल के कुल 8 सैंपलों में आधे से ज्यादा यानी 5 नमूने गुणवत्ता परीक्षण में फेल हुए हैं।

तीन खाद्य नमूने मानक स्तर के मिले

सयाजी होटल से लिए गए सभी नमूने जांच में खराब नहीं पाए गए। रोस्टेड चना दाल, बारीक सौंफ और अजवाइन कुकीज़ के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप मिले हैं। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक होटल से लिए गए 8 नमूनों में 3 मानक, 3 अवमानक और 2 असुरक्षित पाए गए हैं।

दो फर्मों के घी के सभी 16 सैंपल असुरक्षित

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में घी के नमूनों की रिपोर्ट भी चौंकाने वाली सामने आई है। तलावली चंदा स्थित डुग्गू इंटरप्राइजेज से लिए गए घी के 9 नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए। इनमें श्रीमूल घी के 5, गौसन्त घी के 2, गूमर घी का 1 और श्री शुद्ध घी का 1 नमूना शामिल है। वहीं लसूडिया मोरी स्थित कृष इंटरप्राइजेज से लिए गए वास्तु घी के सभी 7 नमूने भी असुरक्षित मिले हैं।

दूध, पनीर और घी के सैंपल में भी गड़बड़ी

जांच के दौरान शहर के अन्य प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य नमूनों में भी गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आई हैं। शिव शक्ति मिल्क एंड स्वीट्स सेंटर से लिए गए पनीर और घी के नमूने अवमानक मिले। श्री कृष्णा दूध दही भंडार से लिया गया दूध भी अवमानक पाया गया, जबकि वहां से लिए गए मावा, घी और पनीर के नमूने मानक रहे। पाटीदार दूध डेयरी से लिया गया पनीर का नमूना भी अवमानक मिला है।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर यारी अड्डा बार में जांच

सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने यारी अड्डा बार का भी निरीक्षण किया। यहां से सोयाबीन तेल, पनीर, आटा और तैयार ग्रेवी के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान किचन में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा खाद्य पदार्थों को संभालने वाले कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं थे। विभाग ने प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया है।

Food safety officials inspect samples collected from Sayaji Hotel.
महाकाल दर्शन करने पहुंचे गृह मंत्रालय के अधिकारी से मारपीट, पुलिस ने आरोपी को मंदिर के बाहर लगवाई उठक-बैठक

मिलावट और खराब गुणवत्ता पर विभाग की नजर

इंदौर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। होटल, डेयरी, मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए जा रहे नमूनों की जांच में कई जगह मानकों का उल्लंघन सामने आया है। विभाग की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com