महाकाल दर्शन करने पहुंचे गृह मंत्रालय के अधिकारी से मारपीट, पुलिस ने आरोपी को मंदिर के बाहर लगवाई उठक-बैठक

Ujjain Crime News : उज्जैन महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट से प्रसाद के पैसे को लेकर मारपीट हुई। महाकाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
Home Ministry Senior Accountant Assaulted Near Mahakal Temple
पुलिस ने आरोपी से लगवाई उठक-बैठकफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Ujjain Mahakal Temple Fight : उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में दर्शन के लिए पहुंचे गृह मंत्रालय के सीनियर अकाउंटेंट के साथ मारपीट और जान से खत्म करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रसाद के लिए अतिरिक्त रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना महाकाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को गृह मंत्रालय में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत श्रद्धालु महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपना बैग और जूते-चप्पल स्वीट्स की दुकान के सामने स्थित फूल-प्रसाद विक्रेता के पास रखे और प्रसाद लेने गए। आरोप है कि फूल-प्रसाद विक्रेता संजू बंजारा ने प्रसाद के लिए उनसे 100 रुपये लिए। इसके बाद उसने अतिरिक्त रुपये की मांग की, जिसे श्रद्धालु ने देने से मना कर दिया।

विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट

अतिरिक्त रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद संजू बंजारा ने अपने साथी रवि के साथ मिलकर श्रद्धालु के साथ झूमाझटकी की और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। श्रद्धालु की पत्नी और बहन अंकिता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी कथित तौर पर झूमाझटकी और मारपीट की गई।

परिवार को जान से खत्म करने की धमकी

शिकायत के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने श्रद्धालु और उनके परिजनों को जान से खत्म करने की धमकी भी दी। मंदिर क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद श्रद्धालु ने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मंदिर के बाहर लगवाई उठक-बैठक

महाकाल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजू उर्फ जयराज, पिता नानूराम, उम्र 22 वर्ष, निवासी छोटी मायापुरा, अमन नगर, थाना चिमनगंज मंडी, उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मंदिर के बाहर उठक-बैठक भी लगवाई। मामले में शामिल एक अन्य बाल अपचारी के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसडीएम कोर्ट में पेशी, जेल वारंट जारी

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम न्यायालय उज्जैन के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और जेल वारंट जारी कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता और मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Home Ministry Senior Accountant Assaulted Near Mahakal Temple
ग्वालियर के डबरा में सोते वक्त आई मौत! अचानक भरभराकर गिरी मकान की छत, मां और 2 साल के मासूम बेटे ने तोड़ा दम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

महाकाल मंदिर क्षेत्र में देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रसाद, फूल और सामान रखने को लेकर होने वाले विवादों में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटनाएं चिंता बढ़ाती हैं। इस मामले में पीड़ित का गृह मंत्रालय में सीनियर अकाउंटेंट होना भी चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं के साथ मारपीट या धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com