इंदौर में संदिग्ध कार से मिले 80 लाख रुपए कैश, दो लोग हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

Cash Seized in Indore: इंदौर में फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में खड़ी कार से पुलिस ने बड़ी मात्रा में कैश बरामद किया है। नकदी के संबंध में कोई दस्तावेज नही मिलने पर आयकर विभाग को सूचना दी गयी है।
Indore Kanadiya police seized 80 lakh cash from a suspicious Maruti WagonR car
बरामद कैश के साथ दोनों व्यक्ति फोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में कार से 80 लाख रुपए नकद बरामद।

  • फीनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में खड़ी वैगनआर से मिली रकम।

  • कार में सवार देवास जिले के दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।

  • 500 रुपए के नोटों में 75 लाख, 200 के नोटों में 2 लाख और 100 के नोटों में 3 लाख रुपए मिले।

  • दोनों ने जमीन बिक्री से प्राप्त रकम होने का दावा किया।

Indore Police Seized 80 Lakh Cash: इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध चार पहिया वाहन से 80 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। ये रकम फिनिक्स मॉल के पीछे TPS 05 मेन रोड स्थित एक खाली मैदान में खड़ी वैगनआर कार से मिली है। पुलिस ने मौके से कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

500, 200 और 100 रुपए के नोटों में मिली रकम

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध कार का रजिस्ट्रेशन नंबर MP 09 ZE 5088 है। तलाशी के दौरान कार से कुल 80 लाख रुपए नकद बरामद हुए। इसमें 500 रुपए के नोटों में 75 लाख, 200 रुपए के नोटों में 2 लाख और 100 रुपए के नोटों में 3 लाख रुपए शामिल हैं। नकदी के संबंध में मौके पर दोनों व्यक्तियों के पास कोई वैध दस्तावेज या प्रमाण नहीं मिला।

जमीन की रकम होने का कर रहे दावा

कार में मौजूद व्यक्तियों की पहचान तिलोक और मनोज निवासी बरखेड़ा सोमा, थाना बागली, जिला देवास के रूप में हुई है। दोनों खेती-किसानी का काम करते हैं। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने यह रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आना बताया। साथ ही बरखेड़ा, बागली क्षेत्र में जमीन बिक्री से प्राप्त राशि होने की बात भी कही। हालांकि, नकदी के संबंध में दोनों के जवाब स्पष्ट नहीं होने से पुलिस को संदेह हुआ।

Indore Kanadiya police seized 80 lakh cash from a suspicious Maruti WagonR car
Milk Price Hike : मध्यप्रदेश में महंगा हुआ अमूल दूध, गोल्ड 70 से 74 और फ्रेश 57 से 59 रुपए लीटर

हवाला कनेक्शन की आशंका, आयकर विभाग को सूचना

एमपी पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। इतनी बड़ी रकम के परिवहन और उसके स्रोत को लेकर हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने नियमानुसार 80 लाख रुपए की नकदी जब्त कर ली है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सूचना दी है। अब आयकर विभाग की जांच में नकदी के वास्तविक सोर्स और लेन देन से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।