इंदौर के मारुति शोरूम में करोड़ों की चोरी का खुलासा, सफाईकर्मी निकला मास्टरमाइंड, ढाई करोड़ का माल बरामद

Indore Crime News : इंदौर के पटेल मोटर्स मारुति शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सफाईकर्मी लक्की बोरासी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है।
Indore Patel Motors Theft
पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore Patel Motors Theft: इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित पटेल मोटर्स मारुति कार शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए शोरूम में कार्यरत एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया है। मामले के खुलासे के बाद शहर में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 17 जून को पटेल मोटर्स के ऑपरेशन मैनेजर सुरेंद्र चौधरी ने लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि शोरूम के एक केबिन से एप्पल आईफोन, सोने के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी हो गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

शोरूम के सफाईकर्मी से पूछताछ

जांच टीम ने शोरूम और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस का शक शोरूम में सफाई का कार्य करने वाले 19 वर्षीय कर्मचारी लक्की बोरासी पर गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

शोरूम की हर गतिविधि पर रखी नजर

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शोरूम में काम करने के दौरान उसे वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने पहले एक एप्पल आईफोन चोरी किया। इसके बाद मौका मिलते ही मालिक के केबिन में रखे लॉकर तक पहुंच बना ली और वहां से खोडियार माता मंदिर का सोने का छत्र तथा हीरे जड़ा मुकुट भी चुरा लिया। आरोपी ने चोरी किए गए सामान को छिपाकर रखा था।

चोरी का माल बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एप्पल आईफोन, लगभग डेढ़ किलो वजनी सोने का छत्र, हीरे जड़ा मुकुट, 12 चांदी के सिक्के और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस को मिली आरोपी की रिमांड

फिलहाल इंदौर पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी अन्य चोरी की घटना में भी शामिल रहा है या नहीं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com