इंदौर में मेट्रो निर्माण में बड़ी लापरवाही: चलती BMW कार पर गिरा मलबा, बाल-बाल बची चालक की जान

BMW Car Damage : इंदौर के विजयनगर क्षेत्र में मेट्रो निर्माण के दौरान मलबा चलती BMW कार पर गिर गया। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हुई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Indore Metro Construction Accident
क्षतिग्रस्त कार (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore Metro Construction Accident : इंदौर शहर में चल रहे मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। विजयनगर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मेट्रो कॉरिडोर से अचानक मलबा गिरने से चलती BMW कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस हादसे में कार चालक बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, अपूर्व जोशी अपनी BMW कार से बापट चौराहा से विजयनगर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मेट्रो निर्माण क्षेत्र के पास पहुंचे, उसी दौरान निर्माण स्थल से अचानक भारी मलबा उनकी चलती कार पर आ गिरा। मलबा गिरने से कार का सनरूफ पूरी तरह टूट गए और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।

जानलेवा हो सकता था हादसा

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और स्थिति को संभाला। गनीमत यह रही कि चालक अपूर्व जोशी सुरक्षित बच गए और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। पीड़ित ने इस घटना को निर्माण एजेंसी की गंभीर लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि यदि उस समय वाहन में परिवार के अन्य सदस्य या बच्चे मौजूद होते तो यह घटना जानलेवा साबित हो सकती थी। उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठाए हैं।

पुलिस कर रही जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद विजयनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मलबा गिरने के लिए कौन जिम्मेदार है और किस एजेंसी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने भी जताई नाराजगी

स्थानीय लोगों ने भी मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि व्यस्त सड़क पर बिना पर्याप्त सुरक्षा उपायों के निर्माण कार्य किया जाना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया जारी है। यह घटना मेट्रो निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com