ब्राउन शुगर मामले में पूछताछ के बाद नाना पटवारी को छोड़ा, लेकिन जांच जारी, जरूरत पड़ने पर फिर बुलाएगी पुलिस

Brown Sugar Smuggling Case : इंदौर में ब्राउन शुगर तस्करी मामले में पूछताछ के बाद जीतू पटवारी के भाई नाना को पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर दोबारा पूछताछ होगी।
Nana Patwari Drug Case
नाना पटवारी को ले जाती पुलिस (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Nana Patwari Drug Case: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को लेकर पूरे दिन चला सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया। ब्राउन शुगर तस्करी मामले में कई घंटे की पूछताछ के बाद इंदौर की राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामला अभी जांच और अनुसंधान के चरण में है तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार ब्राउन शुगर तस्करी मामले में गिरफ्तार ड्रग पेडलर्स से पूछताछ के दौरान नाना पटवारी का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उनसे विस्तृत पूछताछ की।

किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी

जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को हिरासत में लिए जाने और पूछताछ की पुष्टि करते हुए डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि फिलहाल जांच जारी है और अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इंदौर छोड़कर बाहर नहीं जा सकते नाना पटवारी

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक नाना पटवारी इंदौर छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे। यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो उन्हें दोबारा राजेंद्र नगर थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी।

ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी पुलिस

जांच एजेंसियां फिलहाल गिरफ्तार ड्रग पेडलर्स से जुड़े संभावित नेटवर्क, संपर्कों और अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। इंदौर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी प्रकार का निष्कर्ष या कार्रवाई सामने आएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

https://youtu.be/LPJsW-v6sUM?si=HiLvPgeTEnERGDtg

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com