एमडी ड्रग के खिलाफ पुलिस का अभियान, मंदसौर और रतलाम से ड्रग लाकर कर रहे इंदौर में सप्लाई

Indore MD Drugs Arrest:इंदौर के चंदन नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.59 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया
चंदन नगर पुलिस द्वारा जब्त की गई एमडी ड्रग्स और रॉयल एनफील्ड बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपी।
पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपी (फोटो सोर्स - नवभारत)
Published on
Updated on
Indore MD Drugs Arrest: इंदौर की चंदन नगर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18.59 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी रतलाम और मंदसौर से ड्रग लाकर इंदौर में सप्लाई कर रहे थे, जब्त माल की कुल कीमत करीब 3.81 लाख रुपये बताई गई है।

वाइन शॉप के पास बेचने की फिराक में थे ड्रग, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के लिए चंदन नगर क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने सिंहासा वाइन शॉप क्षेत्र में निगरानी की। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी की, पुलिस को देखकर दो युवक मौके से भागने लगे, जिन्हें पानी की टंकी के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी में मिली 18.59 ग्राम एमडी ड्रग्स

पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 18.59 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही ड्रग्स जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया की वो इंदौर के रहने वाले है, और बुलेट से इलाके में घूमते थे, आरोपियों से जब्त माल की कीमत लगभग 3.81 लाख रुपये आंकी गई है।

नशे की लत और जल्दी अमीर बनने की चाह में बने तस्कर

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद एमडी ड्रग्स के नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने, कर्ज चुकाने और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए उन्होंने ड्रग्स सप्लाई का काम शुरू किया था। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मंदसौर और रतलाम से कम कीमत पर एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर लाते थे और यहां छोटे-छोटे टोकन बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।

यह भी पढें:

इंदौर में युवतियों ने सहेली को बीच सड़क पर बाल पकड़कर घसीटा, कांच की बोतल से हमला, वीडियो वायरल

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चंदन नगर में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों का पुलिस रिमांड लिया जाएगा। चंदन नगर पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ड्रग्स की सप्लाई कौन करता था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com