

Highlights :
इंदौर के शिवाजी मार्केट के पीछे महाराष्ट्र के युवक का शव मिला था ।
मृतक की पहचान हेमंत सकपाल अकोला निवासी 29 वर्षीय के रूप में हुई।
सीसीटीवी फुटेज में युवक के पेड़ पर चढ़ने और गिरने के दृश्य मिले।
Indore Police Reveal Cause of Hemant Sakpal Death : इंदौर के शिवाजी मार्केट के पीछे मिले महाराष्ट्र के 29 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। युवक की मौत को लेकर परिजनों ने नरबलि और जादू-टोने की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस की जांच में इन आशंकाओं को लेकर कोई प्रमाण नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर युवक की मौत पेड़ से गिरने के कारण हुई थी। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों में युवक के पेड़ पर चढ़ने और इसके बाद गिरने की जानकारी सामने आई है।
मृतक की पहचान महाराष्ट्र के अकोला निवासी 29 वर्षीय हेमंत सकपाल के रूप में हुई है। हेमंत अपने तीन दोस्तों के साथ उज्जैन दर्शन के लिए आया था। इसके बाद वह इंदौर पहुंचा था। 15 और 16 तारीख की दरमियानी रात शिवाजी मार्केट के पीछे उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर एमजी रोड थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी।
दरअसल जांच के दौरान पुलिस ने इंदौर रेलवे स्टेशन और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में हेमंत रेलवे स्टेशन से नंगे पैर दौड़ता हुआ दिखाई दिया। शाम करीब साढ़े छह बजे वह घटनास्थल के आसपास घूमता नजर आया। इसके बाद रात में वे घटनास्थल के पास लगे एक पेड़ पर चढ़ता हुआ भी दिखाई दिया।
आपके बता दें पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मिलान से सामने आया कि हेमंत पेड़ से नीचे गिर गया था। गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक के हाथ की उंगलियां काटे जाने की आशंका भी जताई गई थी, लेकिन जांच में यह बात गलत पाई गई। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर लिए हैं।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने नरबलि और जादू टोने की आशंका जताई थी। इस आशंका के चलते मामला काफी चर्चा में रहा। हालांकि, एमजी रोड थाना पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में नरबलि जादू टोने या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट की है।