

Highlights:
इंदौर के गौतमपुरा में धूप पड़वा पर हुआ पारंपरिक हिंगोट युद्ध।
दो दलों ने जलते हुए हिंगोट से एक-दूसरे पर किए वार।
आयोजन के दौरान करीब 17 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर।
17 people injured in Indore Hingot Yudh : इंदौर जिले के गौतमपुरा में दीपावली के दूसरे दिन धूप पड़वा पर सदियों पुरानी हिंगोट युद्ध की परंपरा निभाई गई। इस अनूठे आयोजन में दो दल आमने-सामने आए और एक-दूसरे पर जलते हुए हिंगोट से हमला किया। परंपरा के मुताबिक इस युद्ध में न कोई विजेता होता है और न कोई पराजित। इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे का प्रतीक माना जाता है।
गौतमपुरा में आयोजित हिंगोट युद्ध को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। परंपरा के अनुसार दोनों दलों के लोग जलते हुए हिंगोट लेकर मैदान में उतरे और एक दूसरे पर वार किए। इस अनूठे आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। हर साल की तरह इस बार भी धूप पड़वा पर परंपरा का निर्वहन किया गया।
आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मैदान में जगह जगह CCTV कैमरे लगाए गए थे, जबकि ड्रोन के जरिए भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी गई। दर्शकों को जलते हिंगोट की चपेट से बचाने के लिए मैदान के आसपास ऊंची जालियां लगाई गई थीं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बावजूद हिंगोट युद्ध के दौरान करीब 17 लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चार अलग अलग स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की थीं। इसके अलावा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं।
गौतमपुरा की इस पारंपरिक विरासत को देखने के लिए क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल भी पहुंचे। उनके साथ प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे आयोजन के दौरान मौजूद रहे। हिंगोट युद्ध को स्थानीय लोग केवल मुकाबला नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक पहचान और भाईचारे की परंपरा मानते हैं।