

Indore Food Safety Inspection : इंदौर में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने खाद्य निर्माण इकाइयों और दुकानों के खिलाफ निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की जांच की। छोटा बांगड़दा स्थित आयुष बेकरी में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर खाद्य पंजीयन निलंबित करने के लिए प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी को भेजा जा रहा है। वहीं, दो अन्य प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना पत्र जारी किए गए हैं।
छोटा बांगड़दा स्थित आयुष बेकरी के निरीक्षण के दौरान खाद्य निर्माण परिसर में अत्यधिक गंदगी मिली। प्रतिष्ठान के बाहर कचरा डंप था और उसके पास ही केक का बेस तैयार किया जा रहा था। केक बनाने की प्रिपरेशन टेबल पर चींटियां और मक्खियां भी मिलीं। विभागीय टीम को फ्रिज और फ्रीजर की सफाई व्यवस्था भी खराब मिली। निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड चेरी के उपयोग की जानकारी सामने आई। खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र भी मौके पर उपलब्ध नहीं थे।
इंदौर में कार्रवाई को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार आयुष बेकरी में तैयार होने वाले केक आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सेल्समैन के माध्यम से बेचे जाते हैं। निर्माण परिसर में गंभीर स्वच्छता संबंधी लापरवाही मिलने के बाद विभाग ने खाद्य पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की है। इसके लिए प्रकरण पंजीयन प्राधिकारी को भेजा जा रहा है।
सांवरिया नगर स्थित दीपनीषा गृह उद्योग के निरीक्षण में कर्मचारियों को साफ कपड़े, हेड कैप और एप्रन पहनने के निर्देश दिए गए। यहां खाद्य प्रसंस्करण में आरओ पानी का उपयोग नहीं होने, वाशिंग एरिया की अलग व्यवस्था नहीं होने और पैकेजिंग से संबंधित लेबल प्रस्तुत नहीं करने जैसी कमियां मिलीं। प्रभारी दीपक गुप्ता की मौजूदगी में राजगिरा लड्डू का नमूना लिया गया, जिसे जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया गया है।
सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर एफ स्थित किशन चिप्स एंड फूड प्रोडक्ट का भी निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य सामग्री और अन्य मटेरियल के रखरखाव की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। विभाग ने प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र जारी किया है। यहां से चिप्स का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है।
इंदौर खाद्य सुरक्षा प्रशासन के मुताबिक त्योहारी अवधि में खाद्य प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। लगातार कार्रवाई के बावजूद कई स्थानों पर गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। विभाग का कहना है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।