छावनी के व्यापारियों के समर्थन में कांग्रेस की जन अधिकार यात्रा, मुआवजे और 60 फीट सड़क की मांग
Indore Congress Jan Adhikar Yatra: इंदौर में कांग्रेस ने छावनी क्षेत्र के प्रभावित रहवासियों के समर्थन में जन अधिकार यात्रा निकाली। पार्टी ने सड़क चौड़ीकरण से हुई तोड़फोड़ का मुआवजा माँगा
- Reported By: अंशुल मुकाती
मधु मिलन चौराहे से छावनी चौराहे तक निकाली गई कांग्रेस की जन अधिकार यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और व्यापारी शामिल हुए (फोटो सोर्स - नवभारत )
Indore Congress Jan Adhikar Yatra: छावनी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान हुई तोड़फोड़ के विरोध में इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जन अधिकार यात्रा निकालकर प्रभावित व्यापारियों और रहवासियों को मुआवजा देने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि छावनी सड़क को 60 फीट चौड़ा मानते हुए सरकारी दस्तावेजों में दर्ज किया जाए और इसी आधार पर क्षेत्र के भवनों के नक्शे स्वीकृत किए जाएं।
मधु मिलन चौराहे से छावनी चौराहे तक निकली यात्रा
जन अधिकार यात्रा मधु मिलन चौराहे से शुरू होकर छावनी चौराहे तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और सड़क चौड़ीकरण से हुए नुकसान की भरपाई की मांग को लेकर नारेबाजी की।
‘यह लड़ाई केवल छावनी तक सीमित नहीं रहेगी’
सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि यह आंदोलन केवल छावनी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। नगर निगम द्वारा मास्टर प्लान की 23 सड़कों पर किए जाने वाले कार्यों में यदि नागरिकों के हित प्रभावित होते हैं तो कांग्रेस हर सड़क पर लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी।
सम्बंधित ख़बरें
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भोपाल में NSUI का जश्न… आखिर क्यों सड़क पर उतर आए छात्र? देखें VIDEO
ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को झटका, विशेष अदालत ने खारिज की जमानत याचिका
राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पुलिया से गहरे नाले में गिरी कार; डूबने से 5 युवकों की मौके पर मौत
उज्जैन: सावन के सोमवार पर स्कूलों की छुट्टी को लेकर जल्द होगा फैसला, कलेक्टर बोले- निर्णय शीघ्र लिया जाएगा
60 फीट सड़क के आधार पर नक्शे मंजूर करने की मांग
कांग्रेस ने मांग की कि जब सड़क का निर्माण 60 फीट चौड़ाई मानकर किया गया है तो सरकारी रिकॉर्ड में भी इसकी चौड़ाई 60 फीट दर्ज की जाए। साथ ही क्षेत्र के मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नक्शे भी इसी मापदंड के अनुसार स्वीकृत किए जाएं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए जिन नागरिकों की जमीन ली गई है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही सड़क चौड़ीकरण के दौरान जिन मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है, उनकी मरम्मत का खर्च भी सरकार और नगर निगम वहन करें।
आंदोलन के अगले चरण की जल्द होगी घोषणा
चिंटू चौकसे ने कहा कि जन अधिकार यात्रा आंदोलन की शुरुआत है। जल्द ही छावनी क्षेत्र के व्यापारियों और रहवासियों के साथ बैठक कर आंदोलन के अगले चरण की रणनीति तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
