इंदौर में कांग्रेस की साइक्लोथॉन के बाद हर तरफ फैला कचरा, नगर निगम ने लगाया स्पॉट फाइन, भाजपा ने साधा निशाना

Indore Garbage Fine : इंदौर में कांग्रेस की युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन के बाद फैले कचरे पर नगर निगम ने 2 हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया। भाजपा ने स्वच्छता को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
Indore Congress Cyclothon Fine
रैली के बाद हर तरफ दिखा कचरा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore Congress Cyclothon Fine: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में कांग्रेस की युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन के बाद स्वच्छता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गांधी प्रतिमा के सामने कार्यक्रम समाप्त होने के बाद फैले कचरे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए दो हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया। यह चालान एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी के नाम पर काटा गया। घटना को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस की युवा स्वाभिमान साइक्लोथॉन सोमवार सुबह गांधी प्रतिमा से आरएनटी मार्ग होते हुए निकाली गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद आयोजन स्थल पर डिस्पोजल ग्लास, पानी की बोतलें और सजावट का अन्य कचरा फैला मिला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज करते हुए स्पॉट फाइन की कार्रवाई की।

प्रतिबंधित पेपर कटिंग का इस्तेमाल

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक आयोजन में डेकोरेशन के लिए ऐसे पेपर कटिंग का इस्तेमाल किया गया था, जिन पर नगर निगम पहले से प्रतिबंध लगा चुका है। इसी कारण आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी के नाम से दो हजार रुपये का स्पॉट फाइन किया गया।

भाजपा ने साधा कांग्रेस पर निशाना

इस मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस स्वच्छता का संदेश देने निकली थी, लेकिन कार्यक्रम के बाद गांधी प्रतिमा के सामने ही कचरा छोड़ गई। उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर साफ दिखाई देता है। यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया था, लेकिन कांग्रेस ने उनकी प्रतिमा के सामने ही स्वच्छता का अपमान किया।

किसी बड़े नेता ने पोस्ट नहीं किया

राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस की साइक्लोथॉन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गांव-गांव से साइकिल लेकर कार्यकर्ता इंदौर पहुंचे, लेकिन कांग्रेस के किसी बड़े नेता ने इस यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट तक नहीं की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे साफ है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की कांग्रेस "पप्पू का चप्पू" चला रही है।

निगम ने लगाया स्पॉट फाइन

फिलहाल नगर निगम की ओर से स्पॉट फाइन की कार्रवाई पूरी कर दी गई है। हालांकि, इस मामले में कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में स्वच्छता को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com