

Indore Chain Snatching Case Solved: इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में हुई चैन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट और चैन स्नैचिंग की वारदात करते थे। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 24 ग्राम वजनी सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 की रात करीब 9 बजे फरियादी मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहा था। राजीव गांधी सर्विस रोड पर शुभकारज गार्डन के कॉर्नर के पास पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश पहुंचे। आरोपियों ने फरियादी की बाइक में लात मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर उसके गले से सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत मिलने के बाद भंवरकुआं पुलिस ने बीएनएस में मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान नीलेश पिपले, अजय बाशिन्दे और दीपक बंजारा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक नीलेश के खिलाफ पहले से 3, अजय के खिलाफ 6 और दीपक के खिलाफ 2 अपराध दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ राजेंद्र नगर, भंवरकुआं सहित अन्य थानों में लूट, चैन स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। नशे की पूर्ति के लिए वे राजेंद्र नगर और भंवरकुआं थाना क्षेत्र के सुनसान इलाकों में राहगीरों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इंदौर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 24 ग्राम वजनी सोने की चेन और घटना में इस्तेमाल हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई है।